कोरोना से देश में 74 मौतें / आज दो की जान गई; आंध्र प्रदेश में 55 साल के व्यक्ति और गुजरात में 78 साल के बुजुर्ग ने दम तोड़ा


नई दिल्ली. देश में कोरोनावायरस से मौतों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। आंध्र प्रदेश शुक्रवार को कोरोना की वजह से मौत का पहला मामला दर्ज किया गया। विजयवाड़ा में 55 साल के व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। उन्हें डायबिटीज और हार्ट से जुड़ी बीमारी भी थी। उनका बेटा दिल्ली गया था और 17 मार्च को विजयवाड़ा लौटा। वह खुद कोरोना पॉजिटिव है।


गुजरात के गोधरा में शुक्रवार तड़के 78 साल के व्यक्ति ने दम तोड़ा दिया। इसके साथ राज्य में मरने वालों की तादाद आठ हो गई है। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि दो दिन पहले इस व्यक्ति की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इससे पहले गुरुवार को वडोदरा में 52 साल के व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। उसकी ट्रैवल हिस्ट्री मिली थी। वह 19 मार्च को श्रीलंका से भारत लौटा था। कोरोना संक्रमण से गुरुवार को देश में 10 मौतें हुई थीं। इनमें महाराष्ट्र में 4, मध्यप्रदेश में 2, पंजाब, हरियाणा, गुजरात और राजस्थान में एक-एक मौत शामिल हैं।