राजस्थान-विधानसभा में मंत्री कल्ला ने भगवान विष्णु के दशावतार गिनाए, कहा- हर अवतार के दिवस पर छुट्टी करना संभव नहीं


जयपुर. राजस्थान विधानसभा में मंगलवार को प्रश्नकाल के दौरान धर्मशास्त्र पर भी चर्चा हुई। पीपल्दा विधायक रामनारायण मीणा ने सरकार से पूछा कि क्या वह मत्स्य अवतार दिवस को भी सार्वजनिक अवकाश घोषित करने का विचार है। इस पर ऊर्जा मंत्री बीडी कल्ला ने कहा कि हिंदू धर्म के मत्स्य अवतार के लिए कोई अवकाश घोषित नहीं किया गया है।


मीणा ने कहा कि विष्णु भगवान का प्रथम अवतार मत्स्य अवतार है। आप कृष्ण जयंती, राम नवमी पर छुट्टी देते हैं। ईसा मसीह और गुरु गोविंद सिंह पर भी छुट्टी है। ये आस्था का प्रश्न है। तो क्या आप (सरकार) मत्स्य अवतार के लिए भी सार्वजनिक अवकाश घोषित करेंगे।


इस सवाल पर मंत्री कल्ला ने जवाब दिया। उन्होंने कहा वर्तमान में राज्य में 21 ऐच्छिक और 29 सार्वजनिक अवकाश घोषित किए हुए हैं। इनमें मत्स्य अवतार से संबंधित न तो राजस्थान में और न ही आस-पास के किसी राज्य में कोई छुट्टी दी जाती है।


इसके बाद कल्ला ने भगवान विष्णु के दशावतारों का जिक्र करते हुए कहा कि भगवान विष्णु के 10 अवतार हैं, इनमें मत्स्य, कूर्म, वराह, नृसिंह, वामन, परशुराम, राम, कृष्ण, बुद्ध और कल्कि अवतार हैं। इनमें से सिर्फ रामनवमी और कृष्ण जन्माष्टमी की छुट्टी होती है। बाकी अवतार दिवस पर अवकाश का कोई विचार नहीं है।