अलवर. जिले की बहरोड़ पुलिस ने शुक्रवार को 30 हजार के इनामी बदमाश विक्रांत उर्फ विक्की को दिल्ली के कनॉट पैलेस से गिरफ्तार किया। भिवाड़ी पुलिस अधीक्षक डॉ. अमनदीप सिंह कपूर ने बताया कि विक्रांत दिल्ली के कनॉट पैलेस में अपनी गर्लफ्रेंड के साथ वैलेंटाइन डे की खरीदारी कर रहा था। पुलिस ने उसे वहीं से गिरफ्तार किया है।
उन्होंने बताया कि विक्रांत ने जसराम हत्याकांड में बदमाशों को हथियार उपलब्ध कराने में मदद की थी। इसके अलावा 19 नवंबर को गोकुलपुर स्थित डेयरी में फायरिंग की थी। वह इस घटना का मुख्य आरोपी था। इसके अलावा उस पर बिजनेसमैन को मारने की धमकी देने के भी मुकदमे दर्ज हैं। राजस्थान और हरियाणा के विभिन्न थानों में उसके खिलाफ आठ मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस से बचने के लिए पांच राज्यों में भागता रहा
पुलिस सूत्रों ने बताया कि आरोपी दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश आदि स्थानों पर पुलिस से बचने के लिए भागता रहा। पुलिस की स्पेशल टीम लगातार बदमाश के पीछे लगी रही। आरोपी पर हरियाणा सरकार द्वारा 10 हजार और राजस्थान पुलिस द्वारा 20 हजार का इनाम घोषित था।