बिहार के भागलपुर में दर्दनाक हादसा, ट्रक और बस की टक्कर में 9 मजदूरों की मौत



 पटना


बिहार के भागलपुर जिले के नवगछिया में मंगलवार सुबह ट्रक और बस आमने सामने हुई टक्कर में 9 प्रवासी मजदूरों की मौत हो गई और चार गंभीर रूप से घायल हो गए। 


अभी तक जो जानकारी मिली है उसके अनुसार ये भीषण सड़क हादसा खरीक थाना क्षेत्र के अम्भो चौक के समीप एनएच-31 पर हुआ है। हादसे में घायल यात्रियों को अनुमंडलीय अस्पताल नवगछिया से प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने मायागंज रेफर कर दिया। वहीं ट्रक के मलबे मे दबे सभी शवों को क्रेन की मदद से बाहर निकाला गया। खबर लिखे जाने तक मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है। 


बताया जा रहा है नवगछिया जीरो माइल में चालक से गुहार लगा कर सभी साइकिल सवार प्रवासी मजदूर ट्रक पर सवार हो गये थे, जो करीब चार किलोमीटर आगे आने पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। मृतक पश्चिम चंपारण के रहने वाले बताया जा रहा है। वहीं बस दरभंगा से बांका जा रहा था। बस पर श्रमिक एक्सप्रेस से आये हुए प्रवासी मजदूर सवार थे। बस चालक की गलती के कारण स्थानीय लोगों द्वारा यह दुर्घटना होने की बात बताई जा रही है।


मालूम हो कि लॉकडाउन की मार झेल रहे मजदूरों के साथ बीते कुछ दिनों से लगातार हादसे हो रहे हैं। उत्तर प्रदेश के महोबा में मंगलवार सुबह एक डीसीएम पलट गई, जिससे तीन प्रवासी मजदूरों की मौत हो गई। दर्जन भर से अधिक प्रवासी गंभीर रूप से घायल हैं। 


वहीं, महाराष्ट्र के यवतमाल में आज सुबह एक ट्रक और बस की भिड़ंत हो गई, जिसमें चार प्रवासी मजदूरों की मौत हो गई और 15 घायल हो गए। ये प्रवासी मजदूर बस में सवार थे और इन्हें लेकर जा रही बस सोलापुर से झारखंड जा रही थी।


16 मई 2020: यूपी के औरैया में भीषण सड़क हादसे में 24 मजदूरों की मौत
उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में शनिवार तड़के हुए भीषण हादसे में 26 प्रवासी मजदूरों की मौत हो गई। सभी श्रमिक एक ट्रक और ट्राले में सवार थे। दिल्ली-कानपुर हाइवे पर हुए दर्दनाक हादसे में 36 श्रमिक गंभीर रूप से घायल हैं। औरैया के डीएम अभिषेक सिंह ने बताया कि यह हादसा सुबह तकरीबन साढ़े तीन बजे हुआ। इस हादसे में अब तक 24 लोगों की मौत हुई है। कई लोग घायल हैं। इनमें से ज्यादातर मजदूर बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के रहने वाले थे।


मुजफ्फरनगर हादसे में 6 मजदूरों की मौत
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर-सहारनपुर हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ था। मुजफ्फरनगर हादसे में पंजाब से पैदल बिहार अपने गांव जा रहे 6 मजदूरों को एक तेज रफ्तार बस ने रौंद दिया था। सभी मजदूरों की मौके पर मौत हो गई थी। पुलिस के अनुसार, हादसा बुधवार रात 11:45 बजे हुआ था। पंजाब में काम करने वाले मजदूर देर रात पैदल सहारनपुर से होते हुए मुजफ्फरनगर की ओर जा रहे थे। 


मध्य प्रदेश: बस-ट्रक के टक्कर में 8 मजदूरों की मौत
कोरोना संकट और लॉकडाउन के बीच मध्य प्रदेश के गुना में भीषण सड़क हादसे में 8 मजदूरों की मौत हो गई थी। इस सड़क हादसे में करीब 50 से अधिक मजदूर घायल हो गए थे। यह घटना भी बुधवार की रात की है। ये सभी मजदूर ट्रक में सवार होकर महाराष्ट्र से यूपी की ओर लौट रहे थे। यह हादसा तब हुआ जब जब ट्रक की बस से टक्कर हो गई। ये सभी 8 मृतक उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे और महाराष्ट्र से लौट रहे थे। 


बिहार: समस्तीपुर में 2 मजदूरों की मौत, 30 घायल
बिहार के समस्तीपुर जिले के उजियारपुर में मुजफ्फरपुर से प्रवासियों को लेकर कटिहार जा रही बस की ट्रक से टक्कर हो गई। इस हादसे दो बस यात्रियों की मौत हो गई और करीब 30 लोग घायल हो गए थे। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया।