देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 96 हजार 436-गृह मंत्रालय ने कहा- राज्य लॉकडाउन के प्रतिबंधों को कमजोर नहीं, सख्त कर सकते


यह तस्वीर दिल्ली की है। यहां मजदूरी करने वाले सत्येंद्र कुमार पैदल चल-चलकर थक चुकी अपनी बेटी के पैर दबा रहे हैं। यह परिवार 3 दिन पहले उत्तरप्रदेश के लिए चला था, लेकिन राज्य की सीमा पर इन्हें पुलिस ने रोक दिया।  
नई दिल्ली. गृह मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि राज्य और केंद्रशासित प्रदेश लॉकडाउन-4 में लगाए गए प्रतिबंधों को कमजोर नहीं कर सकते। वे इन्हें स्थिति का आकलन करके स्वास्थ्य विभाग के दिशानिर्देशों के तहत और सख्त कर सकते हैं। इस बीच, देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 96 हजार 436 हो गई है। सोमवार को दिल्ली में 299, राजस्थान में 140, कर्नाटक में 84, आंध्रप्रदेश में 52, ओडिशा में 48, बिहार में 6, जबकि असम, हरियाणा और गोवा में 2-2 मरीज मिले।


ये आंकड़े covid19india.org और राज्य सरकारों से मिली जानकारी के आधार पर हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में 96 हजार 169 संक्रमित हैं। 56 हजार 316 का इलाज चल रहा है। 36 हजार 823 ठीक हो गए हैं और 3029 की मौत हो चुकी है।
5 राज्य और 1 केंद्र शासित प्रदेश का हाल


- मध्यप्रदेश, संक्रमित- 4977: मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज रात 8 बजे प्रदेश की जनता को संबोधित करेंगे। इसमें पता चलेगा कि राज्य में लॉकडाउन-4 की रूप-रेखा कैसी होगी। भोपाल, इंदौर, उज्जैन और बुरहानपुर का रेड जोन में रहना तय लग रहा है। यहां कंटेनमेंट एरिया को बफर में बदलकर इसके बाहर कुछ ढील दी जा सकती है। 


- महाराष्ट्र, संक्रमित- 33053: यहां अब कंटेनमेंट के साथ सीलबंद जोन का विकल्प भी शामिल किया गया है। इसके तहत अगर किसी इमारत या हाउसिंग सोसायटी की कॉलोनी में कोई संक्रमित पाया जाता है तो पूरी कॉलोनी की बजाय उस इमारत या कैम्पस को सीलबंद किया जाएगा। यहां मेडिकल छोड़कर बाकी सभी व्यावसायिक गतिविधियां बंद रहेंगी। 
-उत्तरप्रदेश, संक्रमित- 4464: यहां 24 घंटे में रिकॉर्ड 9 हजार 114 सैंपल की जांच हुई है। इनमें 208 पॉजिटिव मिले। यह एक दिन में संक्रमितों का सबसे बड़ा आंकड़ा है। अब तक 2 हजार 636 मरीज ठीक हो चुके हैं और 120 की मौत हुई है। 


-राजस्थान, संक्रमित- 5375: यहां सोमवार को संक्रमण के 173 मामले सामने आए। इनमें से डूंगरपुर में 64, जयपुर और भीलवाड़ा में 22-22, उदयपुर में 15, बाड़मेर में 10, भरतपुर और बीकानेर में 6-6, दौसा में 5, सीकर, बांसवाड़ा और पाली में 4-4, धौलपुर में 3, कोटा, नागौर और राजसमंद में 2-2, जबकि चित्तौड़गढ़ और झुंझुनूं में 1 मरीज मिला। राज्य में सोमवार को 2 लोगों की मौत हुई और 13 ठीक भी हुए।
- दिल्ली, संक्रमित- 10054: यहां सोमवार को 299 मरीजों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई, 283 मरीज ठीक हुए और 12 की मौत हुई। यहां कुल संक्रमितों में से 5409 का इलाज चल रहा है, जबकि 4485 मरीज ठीक हो चुके हैं।


-बिहार, संक्रमित- 1392: यहां सोमवार को 72 कोरोना संक्रमित मिले। इनमें से गोपालगंज में 31, बेगूसराय में 15, मुंगेर में 7, नालंदा में 5, सहरसा में 3, जबकि खगड़िया, नवादा सुपौल और पूर्णिया में 1-1 मरीज मिला।  राज्य में लॉकडाउन-4 में कितनी छूट मिलती है इसका फैसला सरकार 1-2 दिन में करेगी। अभी लॉकडाउन-3 के नियम चलते रहेंगे।