कोरोना देश में अब तक 56 हजार 561 केस: बीएसएफ में 30 नए जवान संक्रमित


जयपुर के इंदिरा बाजार में पुलिस फ्लैग मार्च निकाल रही है। शहर में संक्रमण काबू नहीं हो रहा।  
नई दिल्ली. देश में 56 हजार 561 कोरोना संक्रमित हैं। शुक्रवार को बीएसएफ के 30 जवान पॉजिटिव पाए गए। इनमें 6 दिल्ली और 24 त्रिपुरा के हैं। बीएसएफ में करीब 200 जवान संक्रमित हैं। आईटीबीपी और सीआरपीएफ के जवान भी कोरोना की चपेट में आए हैं। सभी पैरामिलिट्री फोर्स में 500 से ज्यादा पॉजिटिव केस आ चुके हैं, इनमें 95% सिर्फ दिल्ली में हैं।


शुक्रवार को राजस्थान में 64, आंध्रप्रदेश में 54, कर्नाटक में 45, ओडिशा में 26, बिहार में 13 मरीज मिले। मई के पहले हफ्ते में कुल 21 हजार 485 नए मरीज बढ़े हैं। यह कुल संक्रमितों का 38% है। इस दौरान 6827 मरीज ठीक भी हुए। इससे पहले गुरुवार को संक्रमण के 3344 मामले सामने आए। ये आंकड़े covid19india.org और राज्य सरकारों से मिली जानकारी के आधार पर हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में कुल 56 हजार 342 संक्रमित हैं। 37 हजार 916 का इलाज चल रहा है। 16 हजार 539 ठीक हो चुके हैं, जबकि 1886 मरीजों की मौत हो चुकी है।
5 राज्य और 1 केंद्र शासित प्रदेश का हाल


    मध्यप्रदेश, संक्रमित- 3252: कोरोना संकट के बीच महाराष्ट्र से मध्यप्रदेश लौट रहे उमरिया और शहडोल जिले के 16 मजदूरों की औरंगाबाद में शुक्रवार तड़के एक मालगाड़ी से कटकर मौत हो गई। वे रास्ते में थकने के बाद पटरी पर लेटे थे। मजदूर जालना में एसआरजी कंपनी में काम करते थे। प्रदेश सरकार की तरफ से प्रत्येक मृतक श्रमिक के परिजन को 5-5 लाख रुपए की आर्थिक मदद देने की घोषणा की गई है।
    उत्तरप्रदेश, संक्रमित- 3071: सूरत से 1200 प्रवासी मजदूरों को लेकर श्रमिक स्पेशल ट्रेन शुक्रवार सुबह वाराणसी पहुंची। सभी को जांच के बाद रोडवेज की बसों से उनके गृह जिलों में भेजा जाएगा। राज्य में गुरुवार को 73 मरीजों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इनमें 1881 मरीजों का इलाज चल रहा है। राज्य में कोरोना से मौत का आंकड़ा 62 हो गया हैं। 
    महाराष्ट्र, संक्रमित- 17974: आर्थर रोड जेल में 77 कैदी और 26 जेल कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव पाए गए। इन्हें जीटी हॉस्पिटल और सेंट जॉर्ज हॉस्पिटल में भर्ती किया गया है। संक्रमित कैदी एक ही बैरक के हैं। उधर, मुंबई के जेजे मार्ग पुलिस स्टेशन में कोरोना के 26 पेशेंट मिलने से पुलिस महकमे में हड़कंप मचा है। राज्य में करीब 500 पुलिसकर्मी कोरोना की चपेट में हैं। महाराष्ट्र में शुक्रवार को 1216 मामले सामने आए, जबकि 43 लोगों की मौत हुई।


राजस्थान, संक्रमित- 3491: राजस्थान में शुक्रवार को संक्रमण के 64 मामले आए। इनमें से जयपुर में 26, अजमेर और जोधुपर में 9-9, कोटा में 8, पाली में 5, अलवर, झालावाड़ और उदयपुर में 2-2, जबकि सीकर में 1 मरीज मिला। उधर, अजमेर में एक संक्रमित की मौत हो गई। इसके साथ ही राज्य में मरने वालों का आंकड़ा 100 हो गया। 
दिल्ली, संक्रमित- 5980: यहां गुरुवार को संक्रमण के 448 मामले सामने आए। एक मरीज की मौत के साथ मृतकों की संख्या 66 हो गई है। यहां संक्रमितों की संख्या दोगुना होने की रफ्तार 11 दिन है। इस बीच, दिल्ली सरकार ने कोविड से जान गंवाने वाले पुलिस कॉन्स्टेबल अमित कुमार के परिवार को 1 करोड़ रुपए की आर्थिक मदद देने का ऐलान किया है। अमित की मौत मंगलवार को हुई थी।
बिहार, संक्रमित- 563: यहां शुक्रवार को संक्रमण के 13 मामले आए। इनमें से समस्तीपुर में संक्रमण के 6, दरभंगा में 3,सहरसा में 2, जबकि सुपौल और कटिहार में 1-1 मरीज मिला। उधर, प्रवासी मजदूरों की वापसी का सिलसिला जारी है। गुरुवार को 24 ट्रेनों से 28 हजार 467 प्रवासी आए। 20 हजार 629 प्रवासी और लौट रहे हैं। राज्य सरकार ने रोजाना 1000 प्रवासी मजदूरों का रैंडम टेस्ट करने का फैसला किया है। रेड जोन से लौटने वाले मजदूरों का टेस्ट पहले किया जाएगा।