कोरोना देश में LIVE / 1 लाख 2 हजार 284 केस: भारत में 100 से 1 लाख मरीज होने में सबसे अधिक 64 दिन लगे, अमेरिका में सबसे तेजी से फैला संक्रमण


नई दिल्ली. देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या एक लाख के पार हो गई है। इसे 100 मरीजों से यहां तक पहुंचने में 64 दिन लगे। इस मामले में भारत की स्थिति अमेरिका, इटली और ब्रिटेन समेत सभी शीर्ष देशों से बेहतर हे। अमेरिका में सबसे तेज यह आंकड़ा बढ़ा। यहां 100 से एक लाख मरीज होने में सिर्फ 25 दिन लगे थे। ये आंकड़े worldometers वेबसाइट के मुताबिक हें।


100 से 1 लाख मरीज होने में कहां कितने दिन लगे
देश  दिन
भारत  64
ब्रिटेन   42
फ्रांस  39
इटली  36
जर्मनी  35
स्पेन  30
अमेरिका  25


देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 1 लाख 2 हजार 84 हो गई है। मंगलवार को दिल्ली में 500, राजस्थान में 250, कर्नाटक में 127, ओडिशा में 102, बिहार में 72, आंध्र प्रदेश में 57, असम में 20 और हरियाणा में 14 मरीज मिले। इनके अलावा 814 संक्रमित और बढ़े हैं, लेकिन ये किन राज्यों से हैं यह स्पष्ट नहीं हो सका है। ये आंकड़े covid19india.org और राज्य सरकारों से मिली जानकारी के आधार पर हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में 1 लाख 1 हजार 139 संक्रमित हैं। 58 हजार 802 का इलाज चल रहा है। 39 हजार 173 ठीक हुए हैं और 3163 की मौत हो चुकी है।


देशभर से लॉकडाउन-4 की तस्वीरें
लॉकडाउन-4 में मिली सहूलियतों के बाद देश भर में लोग घरों से बाहर निकल रहे हैं। बेंगलुरु में मंगलवार को लालबाग बॉटेनिकल गार्डन में मॉर्निंग वॉक पर जाने वालों की लंबी कतार नजर आई। करीब दो महीने बाद इस पार्क को हर दिन सीमित समय के लिए खोलने की इजाजत दी गई है। वहीं, दिल्ली और गुजरात के राजकोट में चाय की दुकानें खुलने लगी हैं। दुकानदारों को सोशल डिस्टेंसिंग और सफाई के नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही दुकानों पर एक बार में पांच से ज्यादा लोग इकठ्ठे नहीं हो सकेंगे।
5 राज्य और 1 केंद्र शासित प्रदेश का हाल


    मध्यप्रदेश, संक्रमित- 5236: राज्य में लॉकडाउन फेज-4 की तस्वीर साफ हो गई है। ग्रीन जोन में बाजार खुलने लगे हैं। सोमवार रात मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जनता को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि रेड और ग्रीन जोन में जो सहूलियतें दी जा रही हैं, वे फिलहाल 7 दिन के लिए हैं। अगर संक्रमण बढ़ता है तो समीक्षा के बाद फिर सख्ती की जाएगी।


    महाराष्ट्र, संक्रमित- 35058: मुंबई में संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए सीआईएसएफ और सीआरपीएफ की 5 कंपनियां तैनात की गई हैं। इससे पहले सीएपीएफ की 5 कंपनियों का पहला बैच सोमवार को मुंबई पहुंचा था। उधर, राज्य में 20 लाख ऐसे मजदूर हैं, जो अपने गृह राज्य जाने के लिए कोशिश कर रहे हैं। करीब 3 लाख मजदूरों को महाराष्ट्र सरकार ने उनके राज्यों में भेजा है। उन मजदूरों का कोई रिकॉर्ड नहीं है जो निजी वाहन से या पैदल चले गए हैं।
    उत्तरप्रदेश, संक्रमित- 4605: बीते 24 घंटे में यहां 141 संक्रमित बढ़े और 147 मरीजों की अस्पताल से छुट्टी हुई। राज्य में कुल संक्रमितों में से 1704 का इलाज चल रहा है। 2783 ठीक हो चुके हैं, जबकि 118 की मौत हो चुकी हैं। 



    राजस्थान, संक्रमित- 5757: यहां मंगलवार को 250 मरीजों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इनमें से डूंगरपुर में 70, पाली में 69, जयपुर और बाड़मेर में में 17-17, नागौर में 16, उदयपुर में 13, सिरोही में 12, जोधपुर में 11, टोंक और कोटा में 5-5, बीकानेर में 3, झुंझुनूं, प्रतापगढ़ और सीकर में 2-2, जबकि अजमेर, झालावाड़, चूरू, दौसा, अलवर और धौलपुर में 1-1 मरीज मिला। 
    दिल्ली, संक्रमित- 10554: यहां मंगलवार को 500 मरीजों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई, 265 मरीज ठीक हुए और 6 की मौत हुई। यहां कुल संक्रमितों में से 5638 का इलाज चल रहा है, जबकि 4750 मरीज ठीक हो चुके हैं। 


बिहार, संक्रमित- 1495: यहां मंगलवार को 72 मरीजों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इनमें से जेहानाबाद में 31, बेगूसराय में 12, औरंगाबाद और नवादा में 4-4, गया, अरवल और सुपौल में 3-3, भागलपुर, शेखपुरा, बक्सर, मधेपुरा और कैमूर में 2-2, जबकि पटना और समस्तीपुर में 1-1 मरीज मिला।