अयोध्या केस का असर: केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन स्थगित


जयपुर. केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ 11 नवंबर और 13 नवंबर को होने वाले विरोध प्रदर्शन को कांग्रेस ने स्थगित कर दिया है। अयोध्या मामले में फैसले को देखते हुए पूरे प्रदेश में धारा 144 लागू होने से यह फैसला कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष और उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट के निर्देश पर लिया गया।


पिछले दिनों कांग्रेस ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने केंद्र की भाजपा सरकार की आर्थिक नीतियों के खिलाफ राजस्थान में विरोध प्रदर्शन करना तय किया था। इसके तहत 11 नवंबर को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों और 13 नवंबर को प्रदेश मुख्यालय, जयपुर में यह धरना प्रदर्शन होने वाला था।


9 नवंबर को अयोध्या राम जन्मभूमि पर आने वाले फैसले को देखते हुए राजस्थान के सभी जिलों में धारा 144 लागू कर दी गई। इंटरनेट बंद कर दिया गया। इससे प्रदेश कांग्रेस कमेटी को विरोध प्रदर्शन स्थगित करना पड़ा। फिलहाल आगामी तारीख तय नहीं हुई है।