जयपुर,। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट का आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, जयपुर पर कांग्रेसजनों द्वारा निकाय चुनावों में मिली भारी सफलता को लेकर भव्य स्वागत किया गया।
इस अवसर पर कांग्रेस के साथियों व मीडिया को सम्बोधित करते हुए पायलट ने कहा कि निकाय चुनावों में मिली सफलता के पीछे कांग्रेस संगठन व कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मेहनत सबसे महत्वपूर्ण है। प्रदेश की कांग्रेस सरकार के सभी कामों को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जन-जन तक पहुॅंचाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि इन परिणामों से स्पष्ट हो गया है कि भाजपा की भ्रम की राजनीति से जनता परेशान हो चुकी है और धरातल पर काम कर जनता को राहत पहुॅंचाने वाली कांग्रेस पार्टी की नीतियों पर जनता का प्रगाढ़ विश्वास है। उन्होंने कहा कि अधिकांश निकायों में कांग्रेस का बोर्ड बनेगा क्योंकि जनता चाहती है कि शहरी क्षेत्रों का समग्र विकास हो। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने निकाय चुनाव पूर्व जो घोषणा पत्र जारी किया था उसमें बिन्दुवार शहरी विकास को लेकर जो घोषणायें की गई है उन्हें जनता ने समझा है और इसीलिये कांग्रेस को निकाय चुनाव में सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि केन्द्र की भाजपा सरकार के साथ ही प्रदेश के भाजपा संगठन ने जनता को मूल मुद्दों से भटकाने के लिये भावनात्मक मुद्दे उठाये परन्तु प्रदेश की जनता ने भाजपा की छलावे की राजनीति को दरकिनार कर कांग्रेस की प्रदेश सरकार व संगठन के जनता के प्रति समर्पण को महत्व दिया।
पायलट ने कहा कि भाजपा बदले की राजनीति में विश्वास रखती है इसलिये गॉंधी परिवार की एसपीजी सुरक्षा को हटाकर उनकी सुरक्षा के साथ समझौता किया गया है। उन्होंने कहा कि सब जानते हैं कि जब पूर्व प्रधानमंत्री स्व. श्री अटल बिहारी वाजपेयी गम्भीर रूप से बीमार थे और घर में ही स्वास्थ्य लाभ कर रहे थे तब भी यूपीए सरकार ने उनकी सुरक्षा से कभी समझौता नहीं किया। उन्होंने कहा कि भाजपा की गलत आर्थिक नीतियों के कारण देश में बेरोजगारी व आर्थिक मंदी चरम पर है, देश की अर्थव्यवस्था बेपटरी हो चुकी है और सभी उद्योग-धंधे चौपट हो गये हैं। देश आज भाजपा की गलत नीतियों के कारण बुरे दौर से गुजर रहा है। उन्होंने कहा कि वास्तविकताओं से परे भाजपा पूरे देश में उन्माद फैलाकर जनता के हितों के साथ समझौता कर रही है।
पायलट ने बताया कि केन्द्र की भाजपा सरकार की गलत आर्थिक नीतियों व गॉंधी परिवार की सुरक्षा से किये गये समझौते के विरोध में कल दिनांक 21 नवम्बर, 2019 को समस्त जिला मुख्यालयों पर विरोध-प्रदर्शन किया जायेगा और इसके पश्चात् आगामी 28 नवम्बर, 2019 को प्रातरू 10 बजे प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, जयपुर से भाजपा
की केन्द्र सरकार की नीतियों के खिलाफ सिविल लाईन्स फाटक तक पैदल मार्च निकाला जायेगा और प्रधानमंत्री के नाम महामहिम् राज्यपाल महोदय को ज्ञापन प्रेषित किया जायेगा।