भरतपुर. जिले के हथैनी गांव में 9 दिन पहले दो दुल्हनें अपने ससुराल वालों को बेहोश करके 2 लाख रुपए नकद और 5 लाख रुपए के जेवर लेकर भाग गई थी। इसमें से एक दुल्हन शिवानी (26) उर्फ भावना और उसकी भाभी बनी कमला को गिरफ्तार किया गया। दोनों ही उप्र की रहने वाली हैं। वहीं दूसरी दुल्हन सीमा की तलाश जारी है।
जानकारी के मुताबिक, दूसरी फर्जी दुल्हन सीमा का असली नाम अंजली है। इसके साथ अन्य व्यक्तियों की तलाश के लिए पुलिस की टीम बरेली भेजी गई है। फिलहाल, पुलिस गिरफ्त में मौजूद शिवानी और भावना से गैंग के सदस्यों और ठिकानों के बारे में जानकारी एकत्रित की जा रही है।
क्या था मामला?
हथैनी निवासी रामकिशन के परिवार में 6 बेटे और 1 बेटी है। इनमें दो बेटों रमेश उर्फ भूरा और नाहर सिंह की शादी 8 नवंबर को ही भरतपुर के एसटीसी हाउसिंग बोर्ड में बरेली (यूपी) निवासी सीमा और शिवानी से हुई थी। 13 नवंबर की रात दोनों दुल्हनें अपने ससुराल वालों को बेहोश करके 2 लाख रुपए नकद और 5 लाख रुपए के जेवर ले उड़ीं थीं।
घरवालों ने बताया था की दुल्हनों ने रात को चाय बनाकर पिलाई। हो सकता है तभी उन्होंने चाय में नशीली गोलियां मिला दी हों। इससे दोनों दूल्हे, ससुर और जेठानी बेहोश हो गए। देवर मुकेश ने खाना कम खाया था, इसलिए उस पर बेहोशी का ज्यादा असर नहीं हुआ। सुबह जब अन्य परिजन जागे तो देखा दोनों दुल्हन घर से सोने-चांदी के जेवरात, कीमती कपड़े, सामान और नकदी लेकर चंपत हो चुकी थीं।