विधानसभा के विशेष सत्र में मुख्यमंत्री गहलोत ने कहा- कांग्रेस मुक्त भारत कहने वाले खुद मुक्त हो जाएंगे


जयपुर. राज्य विधानसभा के विशेष सत्र के दूसरे और अंतिम दिन मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अपने भाषण में भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अगले 100 साल तक शासन करेगी। कांग्रेस मुक्त भारत की बात कहने वाले खुद मुक्त हो जाएंगे। गहलोत ने मोदी है तो मुमकिन नारे को लेकर भी तंज कसे।


महाराष्ट्र का जिक्र करते हुए गहलोत ने कहा- राज्यपाल महोदय ने रात को मोदी जी को संदेश भेजा। कब राष्ट्रपति शासन समाप्त हो गया, कब मोदी जी ने कैबिनेट मीटिंग बुलाई, कब उन्होंने रिकमंड किया राष्ट्रपति महोदय को। राष्ट्रपति भले आदमी हैं। वे सोए हुए होंगे, कब उठाया होगा, नींद में थे या नहीं थे पता नहीं। सुबह 5:47 पर आदेश निकलता है गृह मंत्रालय से राष्ट्रपति शासन समाप्त।


गहलोत ने तंज भरे अंदाज में कहा कि पहले सुनते थे राजा महाराजाओं के महलों के अंदर षड्यंत्र होते थे। सुबह तख्ते पलट जाते थे। हम लोगो में इतना साहस नहीं, दुस्साहस है तो आप में है। उन्होंने यह भी कहा कि 70 साल का सफर किसे कहते हैं। पाकिस्तान में बार-बार सैनिकों का शासन, प्रधानमंत्रियों को जेल, फांसी के फंदे पर चढ़ा दिया भुट्टो साहब को। कहां हिंदुस्तान और कहां पाकिस्तान। फिर भी पाकिस्तान का भय दिखा कर राजनीति की गई।


आजादी के आंदोलन में संघ की भूमिका नहीं


गहलोत ने कहा कि संविधान निर्माण में आपकी कोई भूमिका नहीं। आजादी के आंदोलन में आप लोगों ने उंगली नहीं कटाई अपनी और लंबी चौड़ी बातें कर रहे हैं। सबको मालूम है कि संघ ने साथ नहीं दिया, वह खुद जानते हैं इस बात को।


इलेक्ट्रोरल बॉन्ड स्कैम
गहलोत ने भाजपा में एकछत्र राज पर व्यंग्य कसते हुए कहा, राजा बोला रात है, रानी बोली रात है। संतरी बोला रात है। यह सुबह सुबह की बात है। यह सोचने की बात है। स्क्रेप की कीमत पर हिंदुस्तान जिंक को बेच दिया। केंद्र सरकार एयर इंडिया, बीपीसीएल सहित अन्य सरकारी उपक्रमों के बेचने पर तुली है। उन्होंने इलेक्टोरल बॉन्ड को देश का सबसे बड़ा स्कैम बताया।