चंडीगढ़
अपने बयानों की वजह से हमेशा सुर्खियों में रहने वाले हरियाणा सरकार में मंत्री अनिल विज ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पर विवादित बयान दिया है। उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी और राहुल गांधी से सावधान रहें क्योंकि वे पेट्रोल बम हैं। विज ने कहा कि प्रियंका और राहुल जहां भी जाते हैं उनकी वजह से आग भड़कती है और वे पब्लिक प्रॉपर्टी के नुकसान का कारण बनते हैं।
नागरिकता कानून को लेकर हो रहे प्रदर्शनों के बीच कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी हिंसा के दौरान मारे गए लोगों के परिवारवालों से मुलाकात करने पहुंच रही हैं। बिजनौर में उन्होंने दो मृतकों के परिवारवालों से मुलाकात की थी। मंगलवार को प्रियंका गांधी और राहुल गांधी मेरठ में हिंसक प्रदर्शनों के दौरान मारे गए लोगों के परिवारवालों से मिलने पहुंच रही थीं। हालांकि, उन्हें बॉर्डर पर पुलिस द्वारा रोक लिया गया और गाड़ियां वापस लौटा दी गईं।
सोनिया को लेकर भी की थी टिप्पणी
इससे पहले हरियाणा के गृहमंत्री अनिल विज ने कहा था कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने खुद इटली से आकर भारत की नागरिकता ले ली लेकिन पड़ोसी राज्यों में प्रताड़ित हो रहे हिंदू और सिख जो भारत में गुमनामी की जिंदगी जी रहे हैं, उनको नागरिकता देने का विरोध कर रही हैं। विज ने कहा था कि इन प्रताड़ित लोगों का मूल देश ही भारत है।
अनिल विज ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को बताया पेट्रोल बम, बोले- जहां जाते हैं आग भड़कती है