बोरवेल में गिरे चार वर्षीय मासूम को साढ़े आठ घंटों की कड़ी मशक्कत के पश्चात सकुशल निकाला बाहर


सिरोही


राजस्थान के सिरोही में गुरुवार सुबह खेलते समय एक बच्चा बोरवेल में गिरे बच्चे को साढ़े आठ घंटों की कड़ी मशक्कत के पश्चात शाम को सकुशल बाहर निकल लिया गया। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में मौजूद लोगों के जयकारों के बीच भीमाराम को उसकी मां ने अपने सीने से लगा लिया। अपने बालक को सकुशल देख माता-पिता सहित अन्य लोगों के आंसू बह निकले। चार वर्षीय बालक भीमाराम पूर्णतया सकुशल है और काफी घबराया हुआ होने के बावजूद बातचीत कर रहा है। एहतियात के तौर पर उसे जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया है। आखिर काम आई देसी तकनीक
भीमाराम को बोरवेल से बाहर निकालने के लिए ग्रामीणों की देसी तकनीक ही काम आई। बोरवेल के बिलकुल समीप ग्रामीणों ने करीब सत्रह फीट की गहराई तक बड़ा गढ्‌ढा खोद दिया। इस गढ्‌ढे में से बोरवेल के समानान्तर एक और गढ्‌ढा खोद बचाव दल बालक भीमाराम तक पहुंच गया। उन्होंने जैसे ही भीमाराम को बाहर निकाला वहां बड़ी संख्या में मौजूद लोगों ने जयकारों से आसमान गुंजायमान कर दिया। बाहर निकाले जाने के समय भीमाराम स्वस्थ नजर आ रहा था। बाहर निकालते ही उसकी मां ने अपने बेटे को सीने से लगा लिया। बाद में वहां मौजूद डॉक्टरों की टीम ने उसकी जांच की। हालांकि भीमाराम अपने परिजनों से बातचीत कर रहा था, लेकिन एहतियात के तौर पर उसकी जांच के लिए उसे अस्पताल ले जाया गया।  खेलते समय गिर गया बोरवेल में
उपखंड अधिकारी भागीरथ चौधरी ने बताया कि घटना सिरोही से 60 किमी. दूर शिवगंज इलाके के छिबा गांव की है। माता-पिता के साथ ही बच्चा खेत पर मौजूद था। वहां पर खेलने के दौरान वे खुले हुए बोरवेल में गिर गया। करीब पंद्रह फीट की गहराई पर बच्चा इसमें अटक गया। दोपहर तक यह बच्चा भीमाराम अपने पिता रूपाराम व माता से बातचीत करता रहा। इसके बाद उसकी आवाज आना कम हो गई। उन्होंने बताया कि प्रशासन ने राहत कार्य शुरू करने के साथ ही बोरवेल में ऑक्सीजन को एक पाइप के माध्यम से लगातार प्रवाहित किया गया। दोपहर को भीमाराम तक एक पाइप के माध्यम से पानी भी पहुंचाया गया। दोपहर पश्चात उसकी आवाज क्षीण होने से एक बार सभी घबरा गए। भीमाराम खेत पर खेलने के दौरान वे खुले हुए बोरवेल में गिरने की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंच गए। ग्रामीणें ने विधायक संयम लोढ़ा को इसकी जानकारी दी। उनकी सूचना पर प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। प्रशासन की टीम के पहुंचने से पहले ग्रामीण भी जेसीबी लेकर आ गए। और बोरवेल के पास खुदाई शुरू कर दी।