झारखंड: प्रियंका गांधी का मोदी पर हमला, 'अर्थव्यवस्था की बात हुई तो प्रधानमंत्री ने लोगों को बांट दिया'


पाकुड़
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने झारखंड के पाकुड़ में एक चुनावी रैली को संबोधित किया। प्रियंका ने प्रधानमंत्री मोदी पर लोगों के बीच फूट डालने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, 'मोदी जी देश की सच्चाइयों पर नहीं बोलते। अगर बोलते हैं, तो बहाने मारते हैं। जैसे स्कूल में फेल होने पर बच्चा बहाने मारता है, मोदी जी भी वैसे ही बहाने मारते हैं।'


प्रियंका गांधी ने आगे कहा कि हर तरह से फेल प्रधानमंत्री सिर्फ फूट डालना चाहते हैं। जब अर्थव्यवस्था की विफलता की चर्चा हुई, तो इन्होंने लोगों को बांटने का काम किया। उन्होंने कहा, 'आज देश के हर कोने में महिलाओं के साथ अत्याचार हो रहा है। यूपी में बीजेपी के ही विधायक ने एक महिला का बलात्कार किया। बीजेपी सरकार कुछ नहीं बोली, बल्कि उस विधायक की रक्षा की।'


बीजेपी राज में आटा और फोन का डाटा सब महंगा'
उन्होंने कहा, 'बीजेपी के राज में आज प्याज ₹150 किलो में मिल रहा है। पेट्रोल, डीजल, दाल, आटा, फोन का डाटा सब महंगा हो गया है।' लोगों को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि यह आपकी मां और मिट्टी का चुनाव है। रैली में अपने संबोधन के दौरान प्रियंका ने दिल्ली में छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के मुद्दे को भी उठाया। उन्होंने कहा कि दिल्ली में जब छात्रों ने आवाज उठाई, तो पुलिस ने उन पर लाठीचार्ज कर दिया।


'यह चुनाव आपकी मिट्टी का चुनाव'
प्रियंका गांधी ने कहा, 'दिल्ली में छात्रों पर लाठीचार्ज के खिलाफ अब देशभर में छात्र सड़कों पर प्रदर्शन कर रहे हैं।' उन्होंने कहा, 'यह चुनाव आपकी मिट्टी और मां का चुनाव है, झारखंड के अस्तित्व का चुनाव है। जंगल के हजारों रंग होते हैं, लेकिन बीजेपी को ये रंग दिखाई नहीं देते हैं।'


20 दिसंबर को आखिरी चरण का मतदान

बता दें कि झारखंड में पांचवें और आखिरी चरण के विधानसभा चुनाव के लिए बुधवार को प्रचार का आखिरी दिन था। चार चरणों में 65 सीटों पर वोटिंग हो चुकी है और अब बाकी बची 16 सीटों पर 20 दिसंबर को मतदान होना है। इस चरण में संथाल क्षेत्र की सीटों पर वोटिंग होनी है, जहां सोरेन परिवार के दो सदस्य चुनावी मैदान में हैं।

जेएमएम के प्रदर्शन पर रहेंगी नजरें

जेएमएम अध्यक्ष और सीएम पद के दावेदार माने जा रहे हेमंत सोरेन दो सीटों दुमका और बरहैट से चुनाव लड़ रहे हैं। उनकी भाभी सीता सोरेन जामा विधानसभा सीट से चुनावी समर में उतरी हैं। 2014 के चुनाव में हेमंत ने बरहैट सीट से तकरीबन 24 हजार वोटों के भारी अंतर से जीत हासिल की थी। बरहैट विधानसभा सीट राजमहल लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आती है। 2019 के लोकसभा चुनाव में यही इकलौती सीट जेएमएम के खाते में गई थी।