झारखंडः आज सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे हेमंत सोरेन, 27 को ले सकते हैं शपथ


रांची
झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के कार्यकारी अध्यक्ष और राज्य विधानसभा चुनावों में विपक्षी गठबंधन के नेता हेमंत सोरेन मंगलवार रात 8 बजे राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू से मिलकर प्रदेश में सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। सोरेन इससे पहले शाम 7 बजे सभी विधायकों की बैठक में भी हिस्सा लेंगे। संभावना है कि राज्यपाल की अनुमति मिलने पर वह 27 दिसंबर को मोरहाबादी मैदान में शपथ लेंगे।

राजभवन के सूत्रों ने बताया कि झारखंड विधानसभा के चुनावों में विजयी विपक्षी गठबंधन के नेता हेमंत सोरेन ने राज्यपाल से आज रात 8 बजे मिलने का समय लिया है। सूत्रों के अनुसार विपक्षी गठबंधन के नेता सोरेन के साथ जेएमएम, कांग्रेस और आरजेडी के 35 अन्य नवनिर्वाचित विधायक भी राज्यपाल से मिलने जाएंगे। इससे पहले झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रवक्ता अभिषेक प्रसाद पिंटू ने बताया कि आज शाम सात बजे जेएमएम अध्यक्ष शिबू सोरेन के आवास पर तीनों गठबंधन सहयोगियों के सभी विधायकों की बैठक होनी है।

गठबंधन के विधायक दल का नेता चुने जाएंगे सोरेन
समझा जाता है कि इस बैठक में हेमंत सोरेन को औपचारिक तौर पर गठबंधन दल का नेता चुना जाएगा। बता दें कि जेएमएम ने सोरेन को पहले ही पार्टी के विधायक दल का नेता चुन लिया है। पार्टी प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने इसकी जानकारी दी। सोरेन ने कल रात में ही कहा था कि वह अपने मंत्रिमंडल सहयोगियों के साथ 27 दिसंबर को रांची के मोरहाबादी मैदान में शपथ ग्रहण करेंगे। झारखंड विधानसभा चुनावों में जेएमएम-कांग्रेस-आरजेडी गठबंधन को 81 में से 47 सीटें मिली हैं।

सोनिया-राहुल से होगी सरकार की संरचना पर चर्चा
सरकार की संरचना के बारे में पूछे जाने पर कांग्रेस के झारखंड प्रभारी आरपीएन सिंह और हेमंत सोरेन ने बताया कि इसपर विस्तृत चर्चा कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी के साथ मुलाकात के बाद होगी। इससे पहले जेएमएम ने मंगलवार को शिबू सोरेन के आवास पर पार्टी के नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक बुलाई है जो इस समय जारी है।

दिनेश उरांव का इस्तीफा
इधर, नई सरकार के गठन से पहले झारखंड विधानसभा अध्यक्ष दिनेश उरांव ने इस्तीफा दे दिया है। वह सिसई सीट से बीजेपी के उम्मीदवार थे। उरांव इस सीट से इस बार चुनाव हार गए। उन्हें जेएमएम के जिग्गा होरो ने 38 हजार मतों के अंतर से हरा दिया।