कामचोर अधिकारियों को मिले अनिवार्य सेवानिवृत्ति : गहलोत


जयपुर,अपनी ड्यूटी व काम में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों व अधिकारियों को सख्त संदेश देते हुए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शुक्रवार को कहा कि ऐसे कामचोर अधिकारियों व कर्मचारियों को अनिवार्य सेवानिवृत्ति दी जानी चाहिए।


गहलोत शुक्रवार को यहां राजस्थान आवासन मंडल के मुख्यालय परिसर में मुख्यमंत्री शिक्षक आवासीय योजना, मुख्यमंत्री प्रहरी आवासीय योजना, आतिश मार्केट योजना मानसरोवर के शुभारंभ व जयपुर चौपाटी मानसरोवर के शिलान्यास समारोह को संबोधित कर रहे थे।मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार में अच्छे काम करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रोत्साहन मिलना चाहिए और निकम्मे व कामचोर अधिकारियों व कर्मचारियों को अनिवार्य सेवानिवृत्ति देने जैसे सख्त कदम उठाना जरूरी है।


उन्होंने कहा,' अच्छे काम करने वाले और नकारा कर्मचारियों के साथ एक जैसा व्यवहार उचित नहीं है, इससे काम करने वाले लोगों के मन में निराशा का भाव पैदा होता है। कितना ही बड़ा अधिकारी हो उसे यह डर होना चाहिए कि काम नहीं करने पर उसकी नौकरी जा सकती है।


'गहलोत ने कहा कि हमारी सरकार ने राजस्थान आवासन मंडल को फिर से मजबूत करने का काम किया है। अब मंडल पर यह दायित्व है कि वह आम आदमी के आवास के सपने को साकार करे और खोया विश्वास हासिल करे। उन्होंने पुरस्कृत शिक्षकों को 10 प्रतिशत रियायती दर पर आवास देने की घोषणा की।