कांग्रेस पर बरसे पीएम मोदी, बोले- नागरिकता कानून का फैसला हजार फीसदी सच्चा


दुमका
नागरिकता कानून को लेकर पीएम नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस और उनके सहयोगियों पर तीखा हमला बोला है। पीएम ने कहा कि कल तक जो काम पाकिस्तान करता रहा, आज वह काम कांग्रेस कर रही है। उन्होंने कांग्रेस पर देश में अराजकता फैलाने की आरोप लगाया और कहा कि जिस तरह से देश में आग लगाने की कोशिश की गई है, उससे साफ हो गया है कि नागरिकता कानून का हमारा फैसला हजार फीसदी सच्चा है। देशहित में है।


आग लगाने वालों के कपड़ों से हो रही पहचान: पीएम
झारखंड के दुमका में आयोजित चुनावी रैली में कांंग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए पीएम ने कहा, 'कांग्रेस और उसके साथी तूफान खड़ा कर रहे हैं। उनकी बात चलती नहीं है तो आगजनी फैला रहे हैं। ये जो आग लगा रहे हैं, ये कौन हैं, उनके कपड़ों से ही पता चल जाता है। देश का भला करने की, देश के लोगों का भला करने की इन लोगों से उम्मीद नहीं बची है। ये सिर्फ और सिर्फ अपने परिवार के बारे में सोचते हैं।'

विदेशों में कांग्रेस के प्रदर्शन पर पीएम का हमला
प्रधानमंत्री ने शनिवार को दुनिया के आठ देशों में भारतीय दूतावासों के बाहर ओवरसीज कांग्रेस के प्रदर्शन पर भी कांग्रेस को खूब खरी-खोटी सुनाई। उन्होंने कहा, 'आप हैरान हो जाएंगे, लंदन में भारत का दूतावास है। 130 करोड़ देशवासियों का प्रतिनिधित्व करता है। जब रामजन्मभूमि का निर्णय हुआ, पाकिस्तान वालों ने जाकर लंदन में भारतीय दूतावास के सामने प्रदर्शन किया। अनुच्छेद 370 का निर्णय हुआ तो पाकिस्तान के लोगों ने उच्चायोग के सामने जाकर प्रदर्शन किया, हिंसक वारदातें भी कीं।'


पाक की तरह कांग्रेस भी देश को बदनाम करने लगी'
मोदी ने कहा कि कांग्रेस का यह काम पाकिस्तान जैसा है। पाकिस्तान भारत को दुनिया में बदनाम करना चाहता है और कांग्रेस ने भी कल यही प्रयास किया। उन्होंने कहा, 'आप हैरान हो जाएंगे कि जो काम लंदन में हमेशा पाकिस्तान करता रहता है, पाक के पैसों से कुछ बिकाऊ लोग करते रहते हैं, पहली बार वही काम कांग्रेस वालों ने किया है। इससे ज्यादा शर्म की बात क्या हो सकती है? क्या दुनिया के देशों में भारत के ही दूतावास के सामने भारत का ही व्यक्ति प्रदर्शन करता है क्या? अगर गिला-शिकवा तो बात करता है। वह कागज होता है, वह दूतावास भारत सरकार को पहुंचा देती है। दुनिया में भारत को बदनाम करने का काम हो रहा है।' पता हो कि कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने एक दिन पहले ही दिल्ली में हुई भारत बचाओ रैली के समय दुनिया के कई देशों में स्थित भारतीय मिशनों के बाहर प्रदर्शन किया था।

'नागरिकता कानून बनाकर देश को बचा लिया'
पीएम ने कहा, 'कांग्रेस और उनके साथी समझ लें... आप ये जो आग लगानेवालों को मूक समर्थन दे रहे हैं, हिंसा पर अपनी आंखें बंद कर ले रहे हैं, वह सब देश देख रहा है। इसे देखकर देश का विश्वास और पक्का हो गया है कि संसद ने नागरिकता का कानून बनाकर देश को बचा लिया है।'


कांग्रेस के पास कोई रोडमैप नहीं'
पीएम ने कहा कि कांग्रेस और जेएमएम के पास झारखंड के विकास का कोई रोडमैप नहीं है। उन्होंने कहा, 'ना तो कांग्रेस और उनके सहयोगियों के पास कोई रोडमैप है और ना ही उन्होंने इस प्रदेश के विकास के लिए कभी कुछ किया है। उन्होंने सिर्फ अपने लिए काम किया है। अपने परिवार के बारे में सोचा है।' कांग्रेस पर लगाए गंभीर आरोप

पीएम ने कहा, 'हमारे देश की संसद ने नागरिकता कानून से जुड़ा एक महत्वपूर्ण बदलाव किया। पाकिस्तान, अफगानिस्तान और बांग्लादेश के अल्पसंख्यकों को नागरिकता देने के लिए हम यह कानून लाए हैं। इन लोगों ने वहां काफी जुल्म सहे हैं। इनका वहां जीना मुश्किल हो गया था। इन देशों से हिंदू, ईसाई, सिख, पारसी, जैन, बौद्ध को शरणार्थी का जीवन जीने के लिए मजबूर होना पड़ा। ऐसे लोगों को जब हम नागरिकता देने जा रहे हैं, तब भी कांग्रेस को दिक्कत हो रही है।'


हमारा संकल्प, हर गरीब के पास हो घर'
पीएम मोदी ने आगे कहा, '2014 से पहले यहां जो मुख्यमंत्री थे, वह 30-35 हजार घरों के निर्माण का दावा करते थे और उसको ही बहुत बड़ी उपलब्धि बताते थे। अब हम इस संकल्प के साथ आगे बढ़ रहे हैं कि देश के हर गरीब के पास अपना पक्का घर हो। आपको बेहतर जिंदगी देने के लिए हम प्रतिबद्ध हैं। प्रदेश के विकास के लिए हम हमेशा ही समर्पित हैं।'