मुकदमे में से नाम हटाने की एवज में पुलिस हेडकांस्टेबल ने मांगी 5000 रूपए की रिश्वत, रंगे हाथ गिरफ्तार


अलवर. शहर में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम ने शुक्रवार को कठूमर थाने में पदस्थापित एक हेडकांस्टेबल को पांच हजार रूपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। ट्रेप की यह कार्रवाई एसीबी अलवर के प्रभारी डिप्टी एसपी सलेह मोहम्मद के नेतृत्व में की गई। डीएसपी सलेह के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी प्रताप सिंह है। वह कठूमर थाने में हेडकांस्टेबल है।


इस संबंध में गांव मुडिया, तहसील कठूमर निवासी देवेंद्र सिंह ने एसीबी में 30 नवंबर को शिकायत दर्ज करवाई थी। जिसमें बताया कि उनके खिलाफ एक मुकदमा दर्ज हुआ था। जिसमें शिकायतकर्ता देवेंद्र सिंह, उसके चाचा और भाई का नाम निकालने की एवज में पांच हजार रूपए रिश्वत की मांग की। एसीबी ने 5 दिसंबर को शिकायत का सत्यापन करवाया।


तब आरोपी हेडकांस्टेबल प्रताप सिंह ने देवेंद्र सिंह से 1000 रूपए ले लिए। इसके बाद शुक्रवार को ट्रेप रचा। जिसमें परिवादी देवेंद्र सिंह से कठूमर थाने में हेडकांस्टेबल प्रताप सिंह ने बाकी चार हजार रूपए ले लिए। तब ईशारा मिलने पर एसीबी ने हेडकांस्टेबल प्रताप सिंह को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से रिश्वत की रकम बरामद कर ली। केस दर्ज कर अग्रिम की जा रही है।