नागरिकता कानून के खिलाफ आरजेडी के बंद से थमा बिहार, ट्रेनें रोकीं, तोड़फोड़


पटना
नागरिकता संशोधन कानून को लेकर यूपी, गुजरात, दिल्‍ली, कर्नाटक, असम के बाद अब बिहार में भी विरोध प्रदर्शन तेज हो गया है। बिहार में पिछले कुछ दिनों से चल रहे विरोध प्रदर्शनों के बीच के राज्‍य में मुख्‍य विपक्षी दल राष्‍ट्रीय जनता दल ने आज बंद बुलाया है। सुबह से ही आरजेडी के कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए हैं और ट्रेनों को रोका जा रहा है। आइए जानते हैं कि राज्‍य में कैसे हैं हालात....

भागलपुर में दुकानें बंद, तोड़फोड़
भागलपुर में आरजेडी कार्यकर्ता करीब डेढ़ घंटे से प्रदर्शन कर रहे हैं और उन्‍होंने सड़कों पर चल रहे वाहनों में तोड़फोड़ की है। वे नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। भागलपुर में विरोध प्रदर्शन और तोड़फोड़ के बीच पुलिस के जवान सड़कों पर दिखाई नहीं दे रहे हैं। आरजेडी के कार्यकर्ता जबरन दुकानें बंद करा रहे हैं। आरजेडी नेता तेजस्‍वी यादव ने कहा था कि बंद शांतिपूर्ण होगा लेकिन इसके बावजूद बंद समर्थकों ने तोड़फोड़ की।


दरभंगा में शर्टलेस प्रदर्शन, आगजनी
दरभंगा में आरजेडी कार्यकर्ता भीषण ठंड के बावजूद कपड़े उतारकर प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्‍होंने सड़कों पर टायर जलाए हैं और नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ नारेबाजी की है। इन लोगों ने अपने हाथों में पोस्‍टर लिया हुआ था जिस पर लिखा था, 'नीतीश कुमार, तौबा, तौबा, तौबा...।' ये कार्यकर्ता 'हिटलरशाही नहीं चलेगी' के नारे भी लगा रहे हैं।


पटना में डंडे लेकर सड़क पर आरजेडी वर्कर्स
राजधानी पटना में पुलिस ने सुरक्षा के पुख्‍ता इंतजाम किए गए हैं। सड़कों पर भारी पुलिसबल तैनात है। हालांकि आरजेडी समर्थक हाथों में डंडा लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। इन कार्यकर्ताओं का कहना है कि सीएए और एनआरसी गलत है और हम इसका विरोध करता है। ऑल इंडिया मुस्लिम लीग के कार्यकर्ता भी इस बंद का समर्थन कर रहे हैं।


पुलिस-प्रशासन सतर्क, अस्पताल में भी अलर्ट
बता दें कि बिहार प्रशासन ने दावा किया है कि आरजेडी के बंद को देखते हुए पुलिस-प्रशासन अलर्ट है। पूरे राज्‍य में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पटना शहर में 50 मैजिस्‍ट्रेट को तैनात किया गया है। करगिल चौक के आसपास धारा 144 लगाई गई है। प्रशासन को निर्देश दिया गया है कि जबरन बंद कराने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। इसके अलावा अस्‍पतालों और अग्निशमन सेवा को सतर्क किया गया है।


प्रदर्शनकारियों पर पुलिस की खास निगाहें
बिहार पुलिस ने कहा है कि बंद के दौरान सभी जिलों के एसपी को शांति और व्‍यवस्‍था बनाए रखने के निर्देश द‍िए गए हैं। प्रदर्शनकारियों की विड‍ियोग्राफी भी कराई जाएगी। पुलिस ने कहा है क‍ि अगर प्रदर्शनकारी हिंसा करेंगे तो पुलिस उनके साथ सख्‍ती से निपटेगी। सभी महत्‍वपूर्ण और संवेदनशील स्‍थानों पर पुलिस बल को तैनात किया गया है। रेलवे स्‍टेशनों को निशाना बनाने की प्रदर्शनकारियों की किसी भी कोशिश को विफल करने लिए बड़ी संख्‍या में सुरक्षाकर्मी तैनात हैं।