पेन चुराने की बात पर 10 साल की बच्ची ने 13 साल की लड़की की हत्या की


जयपुर. यहां चाकसू के बडली गांव में 13 साल की लड़की की हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सुलझाने का दावा किया। 10 साल की बच्ची ने पेन चुराने को लेकर हुए विवाद में उसके सिर में सिर में लोहे की रॉड से कई वार किए थे। इससे लड़की की मौत हो गई। बाद में बच्ची की मां ने लड़की के शव को तालाब में फेंक दिया था।


डीसीपी अशोक गुप्ता ने बताया कि आरोपी 10 साल की बच्ची को हिरासत में लिया गया। जबकि उसके माता-पिता को गिरफ्तार कर लिया गया। लड़की बुधवार दोपहर लापता हुई थी। अगले दिन सुबह उसके घर से करीब 500 मीटर की दूरी पर झाड़ियों में शव पड़ा मिला था।


पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान पता चला कि लड़की गांव में ही रहने वाले बच्ची (आरोपी) के घर जाने की बात कहकर गई थी। पुलिस ने जब आरोपी बच्ची के घर वालों से पूछताछ की तो उन्होंने कहा कि लड़की उनके घर नहीं आई थी, क्योंकि दोनों का आपस में झगड़ा चल रहा है।


हालांकि, इस दौरान पुलिस को कुछ संदेह हुआ। उन्होंने 10 साल की बच्ची के घर की तलाशी ली। जहां से उन्हें मृत लड़की के कान की बाली मिली। इसके बाद पुलिस ने गहनता से पूछताछ की तो बच्ची ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। साथ ही उसे घर वालों ने भी आगे की सारी कड़ियां खोल दी।


मां और भाई ने मिलकर शव तालाब में फेंका 
पुलिस ने बताया कि दोनों बच्चियों में पेन चुराने को लेकर झगड़ा हुआ। इसमें 10 साल की बच्ची ने 13 साल की लड़की के सिर पर लोहे की रॉड से कई वार कर दिए। इसके बाद शव को घर के बेसमेंट में ही छुपा दिया। उसी दौरान बच्ची का भाई बेसमेंट में पहुंचा तो उसने शव पड़ा देखा। इसके बाद बच्ची ने सारी घटना अपनी मां को बता दी। तीनों ने मिलकर शव को एक बोरे में डालकर तालाब में फेंक दिया। शव ऊपर न आए इसके लिए एक पत्थर भी लाश से बांध दिया। 


बच्ची को मोक्ष मिले, इसलिए शव तालाब से निकाल झाड़ियों में फेंका
रात को महिला ने अपने पति को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद पति ने बच्ची को मोक्ष न मिलने की बात कहकर शव को तलाब से बाहर निकाला और झाड़ियों में फेंक दिया। जहां से बाद में पुलिस ने शव बरामद किया।