भुज
गुजरात के भुज श्री सहजानंद गर्ल्स इंस्टिट्यूट में घटी शर्मनाक घटना के बाद महिला आयोग हरकत में है। राज्य महिला आयोग ने पुलिस को जांच करने के आदेश दिए हैं जबकि राष्ट्रीय महिला आयोग भी मामले पर नजर रखे हुए है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो कॉलेज प्रशासन से जुड़ी 4 महिलाओं के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की गई है।
बता दें कि भुज के इंस्टिट्यूट के हॉस्टल में इस्तेमाल किया हुआ सैनिटरी पैड मिलने से नाराज हुई प्रिंसिपल ने लड़कियों के कपड़े उतरवाकर जांच की थी। इसके बाद राज्य महिला आयोग ने पुलिस को खत लिखकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो पुलिस ने 4 महिलाओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
बिना इजाजत नहीं हुई कार्रवाई'
इस बारे में राष्ट्रीय महिला आयोग की चेयरपर्सन ने भी बताया है कि उन्होंने राज्य महिला आयोग से इस बारे में बात की है। वहीं, संस्थान की डीन दर्शना ढोलकिया ने कहा है कि मामला हॉस्टल का है, इसका कॉलेज से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने यह दावा भी किया है कि सब कुछ लड़कियों की इजाजत से किया गया और किसी पर कोई दबाव नहीं डाला गया। उन्होंने यह भी दावा किया कि बिना किसी की इजाजत के किसी को छुआ भी नहीं गया।
क्या है पूरा मामला
दरअसल पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब सोमवार को हॉस्टल के गार्डन में एक इस्तेमाल किया हुआ सैनिटरी पैड पड़ा मिला। प्रिंसिपल रीता रानीगा ने सभी लड़कियों से कहा कि वह खुद ही बता दें कि किसने सैनिटरी पैड फेंका था। दो लड़कियां सामने भी आ गईं। हालांकि, रीता और अन्य महिला प्रफेसर इससे संतुष्ट नहीं हुईं तो उन्होंने एक-एक कर लड़कियों को बाथरूम में बुलाकर अपने सामने उनके कपड़े उतरवाए।