अजमेर. शहर के आदर्श नगर इलाके में एक बेटी द्वारा अपने पिता की हत्या का मामला सामने आया है। घटना सोमवार देर रात की है। बताया जा रहा है कि पिता रोज शराब पीकर बेटी से मारपीट करता था। इससे तंग आकर बेटी के हाथों पिता की मौत हो गई। सुबह पड़ोसी घर पहुंचे तो मामले का खुलासा हुआ। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी बेटी रागिनी दूबे (35) पति के झगड़े के बाद पिता के साथ रह रही थी। उसका तलाक हो चुका था। पिता अशोक और बेटी में अक्सर झगड़ा हुआ करता था। मृतक गार्ड की नौकरी करता था। सोमवार रात भी उसे 9.30 बजे ड्यूटी पर जाना था। बेटी ने पिता को जगाने की कोशिश की तो उसने बेटी को चांटा मार दिया। इस दौरान दोनों में हाथापाई हो गई। इस बीच बेटी द्वारा धक्का देने पर पिता अशोक का सिर दीवार से टकराया और उसकी मौत हो गई। वहीं बेटी ने पिता को बेहोश समझकर घर के बाहर गली में डाल दिया।
अशोक के शरीर से खून निकलता देख वहां से जा रहे लोग उसे अस्पताल ले गए। जहां पता चला कि उसकी मौत हो चुकी है। इसके बाद रात करीब 11 बजे पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची। जांच में मृतक के सिर के पीछे दो घाव मिले हैं। साथ ही, शरीर पर भी कई चोटों के निशान हैं।