जयपुर। वेतन नहीं मिलने से नाराज 108 एंबुलेंस कर्मचारियों ने सरकार के आश्वासन पर बुधवार को अपनी हड़ताल खत्म कर दी। मंगलवार शाम से चल रही हड़ताल की वजह से प्रदेशभर में छह हजार से अधिक एंबुलेंस खड़ी हो गई थीं।
इससे घायलों और प्रसूताओं सहित मरीजों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा था। बार-बार किन्हीं कारणों के चलते की जाने वाली हड़ताल की वजह से आमजन को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। वहीं कंपनी और कर्मचारियों की आपसी खींचतान जगजाहिर हैं और उसका स्थाई हल नहीं निकल पा रहा है।
राजस्थान एंबुलेंस कर्मचारी यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष वीरेन्द्र सिंह शेखावत ने बताया कि तीन महीने से वेतन नहीं मिलने की वजह से कर्मचारियों को घर चलाना मुश्किल हो रहा है। वार्ता के बाद काम पर लौटने का निर्णय किया गया है, लेकिन कंपनी की ओर से बार-बार परेशान किया जाता है जिसके बारे में विभाग के अधिकारियों को जानकारी दी गई है।