जयपुर. यूनाइटेड फोरम आफ बैंक यूनियंस के देशव्यापी दो दिवसीय बैंक हड़ताल के आह्वान पर शनिवार को प्रदेश में सरकारी बैंक बंद रहे। इससे दो दिन में करीब 20 हजार करोड़ रुपए का बैंकिंग लेन-देन प्रभावित हुआ। राज्य की 3500 शाखाएं बंद रहीं और 30 हजार बैंक कर्मचारी और अधिकारी हड़ताल पर रहे। दो फरवरी रविवार का अवकाश रहेगा। ऐसे में तीन दिन तक बैंकिंग कामकाज प्रभावित रहेगा।
वेतन समझौता नहीं होने से नाराज सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के कर्मचारी हड़ताल पर हैं। वेतन संशोधन को लेकर प्रबंधन के साथ बातचीत में सहमति नहीं बनने के बाद बैंक यूनियनों ने हड़ताल का आह्वान किया है। निजी क्षेत्र के बैंक इस हड़ताल में शामिल नहीं हैं।
जयपुर में बैंक कर्मचारियों ने अंबेडकर सर्किल स्थित इलाहबाद बैंक के सामने प्रदर्शन किया। बैंक एंप्लाइज फैडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव जीएन पारीक ने बताया कि प्रदेश में हड़ताल सफल रही। हालांकि हड़ताल से ग्राहकों को परेशानी हुई। कई ग्राहक जिन्हें हड़ताल के बारे में जानकारी नहीं थी वे बैंक आकर लौट गए। बैंकों का कहना है कि ग्राहकों को सूचित कर दिया था कि बैंकिंग परिचालन प्रभावित हो सकता है।
दो दिन में 20 हजार करोड़ का लेन-देन प्रभावित होने का अनुमान
हड़ताल से दो दिन के दौरान प्रदेश में 20,000 करोड़ रुपए का बैंकिंग लेन-देन प्रभावित हुआ है। यूनाइटेड फोरम आफ बैंक यूनियंस के नेता महेश मिश्रा ने बताया कि नौ बैंककर्मी संगठन हड़ताल में शामिल हैं।
सहमति नहीं बनी तो मार्च में फिर हड़ताल की चेतावनी
भारतीय बैंक संघ के साथ मांगों को लेकर गुरुवार को भी बैठक विफल रही थी। नेशनल काउंसिल ऑफ एससी-एसटी वेलफेयर आर्गेनाइजेशन के अध्यक्ष अशोक मीणा ने कहा हड़ताल का समय काफी अहम है, क्योंकि 31 जनवरी को आर्थिक सर्वे रिपोर्ट और एक फरवरी को बजट है। हड़ताल के बाद एक बार फिर बातचीत की कोशिश की जाएगी। सहमति नहीं बन पाती है तो मार्च में 11,12 और 13 को 3 दिन की हड़ताल की चेतावनी दी गई है।