सीएए के समर्थन में निकली रैली में विवाद होने की अफवाह फैली, व्यापारियों ने दुकानों के शटर गिराए


टोंक. टोंक में रविवार को नागरिकता संशोधन कानून सीएए के समर्थन में भाजपा और सर्व समाज ने रैली निकाली। इस दौरान यह अफवाह फैल गई कि शहर में झगड़ा हो गया है। कुछ समय के लिए अफरा-तफरी मच गई, लेकिन पुलिस ने हालात संभाल लिए।


रैली में बड़ी संख्या में पुरुष और महिलाएं शामिल हुईं। पुलिस के अनुसार, सीएए के समर्थन में सर्व समाज ने रैली निकालने का आह्वान किया था। रैली मंशापूर्ण भूतेश्वर महादेव मंदिर से शुरू होकर शहर में मुख्य बाजार में तीन किलोमीटर का चक्कर लगाकर गांधी पार्क में रामलीला मैदान पहुंची।। रैली को भाजपा नेताओं ने संबोधित किया। मुख्य वक्ता भाजपा नेता प्रणवेन्द्र शर्मा ने कहा कि सीएए नागरिकता छीनने के लिए नहीं, बल्कि देने के लिए है। कांग्रेस सहित कई दल इसको लेकर गुमराह कर रहे हैं।


उन्होंने कहा कि हमें मुस्लिम भाइयों को समझाना है कि यह किसी के खिलाफ नहीं है। सीएए पड़ोसी देशों में उत्पीड़ित लोगों को नागरिकता देने के लिए बनाया गया अधिनियम है। सभा को भाजपा जिलाध्यक्ष राजेन्द्र पराना, जिला प्रमुख सत्यनारायण चौधरी, पूर्व विधायक राजेन्द्र गूजर, पूर्व सभापति लक्ष्मी जैन, चन्द्रवीर सिंह चौहान सहित कई नेताओं ने सं‍बोधित किया।


रैली के दौरान मची अफरा-तफरी
रैली शहर का चक्कर लगाकर रामलीला मैदान पहुंचने वाली थी कि सभास्थल से थोड़ी दूरी पर घंटाघर में बड़ी संख्या में पुलिस को तैनात देखकर यह अफवाह फैल गई कि यहां झगड़ा हो गया है। इस पर वहां अफरा-तफरी मच गई। दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं। हालांकि पुलिस ने हालात संभाल लिए।