नई दिल्ली
देश में जैसे-जैसे जांच प्रकिया में तेजी आ रही है, वैसे-वैसे कोरोना संक्रमित लोगों की संख्या में इजाफा हो रहा है। शुक्रवार शाम को केरल और मुंबई से चिंताजनक आंकड़े सामने आए। केरल में 39 नए और मुंबई में 9 नए संक्रमण के केस सामने आए। हालांकि स्वास्थ्य विभाग की वेबसाइट के मुताबिक शुक्रवार को 4 जानें गईं और 75 नए मामले सामने आए हैं। अब तक संक्रमण के कुल 724 मामले सामने आ चुके हैं। अब तक कुल् 17 लोगों की मौत हो चुकी है। गुरुवार को 7 जानें गई थीं और इस वायरस से संक्रमण के 88 नए मामले सामने आए थे।
मुंबई में हालत चिंताजनक
बृहन्मुंबई नगर निगम के मुताबिक शुक्रवार को मुंबई में कोरोना पॉजिटिव के 9 नए केस साामने आए। इसमें से 5 लोग विदेश से आए हैं और चार ऐसे लोग हैं जो इनके संपर्क में आए थे। छह लोग मुंबई के हैं और बाकी 3 बाहर के हैं। अब अकेले मुंबई में 86 लोग कोरोना पॉजिटिव हैं।
केरल में भी हालत खराब
केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने शुक्रवार शाम को बताया कि केरल में कोरोना संक्रमण के 39 नए केस सामने आए हैं। इसमें से 34 कासगोड, 2 कन्नौर और एक-एक त्रिसुर, कोजिकोड और कोलाम के हैं। अब केरल में कुल संक्रमित लोगों की संख्या 176 हो गई है, जिसमें से 12 लोग ठीक हो चुके हैं।
दिल्ली में 39 पहुंचा आंकड़ा
राष्ट्रीय राजधानी में गुरुवार को कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की कुल संख्या 39 तक पहुंच गई। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि इनमें से 29 मामले यात्रा से जुड़े हैं, जबकि 10 मामले संपर्क में आने से हैं। कुल मामलों में से पांच को अस्पताल से छुट्टी मिली चुकी है, एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है और एक व्यक्ति देश से बाहर जा चुका है। विभाग ने एक बयान में बताया कि 31 लोग दिल्ली के अन्य अस्पतालों में इलाज करा रहे हैं जबकि एक का इलाज गुड़गांव के मेदांता अस्पताल में चल रहा है। स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि कोविड-19 से प्रभावित मरीजों में मोहल्ला क्लीनिक का एक डॉक्टर, उनकी पत्नी और बेटी भी शामिल है।
भारत में कब-कब कोरोना के कितने मामले
1 मार्च तक | 3 |
2 मार्च | 6 |
5 मार्च | 29 |
6 मार्च | 30 |
7 मार्च | 31 |
8 मार्च | 34 |
9 मार्च | 39 |
10 मार्च | 45 |
12 मार्च | 60 |
13 मार्च | 76 |
14 मार्च | 81 |
15 मार्च | 98 |
16 मार्च | 107 |
17 मार्च | 114 |
18 मार्च | 151 |
19 मार्च | 173 |
20 मार्च | 236 |
21 मार्च | 315 |
22 मार्च | 396 |
23 मार्च | 480 |
24 मार्च | 519 |
25 मार्च | 606 |
26 मार्च | 694 |
27 मार्च | 724* |
*खबर लिखे जाने तक
राजस्थान में 2 नए मामले
राजस्थान के भीलवाड़ा में कोरोना वायरस के दो नए मामले सामने आए हैं। ये दोनों शख्स कल शाम को मारे गए व्यक्त के करीबी संबंधी हैं। राज्य में कोरोना के अब तक 45 मामले सामने आ चुके हैं।