चंद्रशेखर आजाद की नई पार्टी के ऐलान पर हंगामा, आखिरकार पुलिस ने दिया परमिशन


नोएडा
भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर आजाद की नई पार्टी के ऐलान से पहले यूपी में टकराव की स्थिति बनते-बनते रह गई। रविवार को कांशीराम के जन्मदिन के मौके पर चंद्रशेखर आजाद के कार्यक्रम को मिली अनुमति को एक दिन पहले नोटिस चस्पा कर प्रशासन ने रद्द कर दिया था। बाद में कार्यकर्ताओं के कार्यक्रम आयोजित करने की जिद को देखते हुए पुलिस ने कार्यक्रम की इजाजत दे दी।


पार्टी नेताओं ने बताया कि 6 दिन पहले उन्होंने कार्यक्रम के लिए अनुमति मांगी थी, जो उन्हें दे दी गई थी। इसके बाद शनिवार को वे लोग एसीपी से भी मिले। उन्होंने भी कहा था कि वे लोग इनडोर में कार्यक्रम कर सकते हैं लेकिन एक दिन पहले प्रशासन ने कार्यक्रम स्थल पर नोटिस चस्पा कर अनुमति रद्द कर दी। पार्टी के एक कार्यकर्ता ने नाराजगी जताते हुए कहा कि प्रदेश में हम अपने नेता कांशीराम का जन्मदिन नहीं मना सकते। यह अघोषित इमरजेंसी है और प्रदेश सरकार संविधान की हत्या कर रही है। 


कार्यक्रम की भीड़ को बताया कारण
पुलिस की ओर से नोटिस चिपकाए जाने के बाद आयोजन स्थल के मालिक गेट पर ताला भी लटका दिया था। अनुमति रद्द होने की वजह कार्यक्रम में जुटने वाली भीड़ को बताया गया था।


नोटिस में कहा गया था कि मुख्य सचिव उत्तर प्रदेश सरकार राजेंद्र तिवारी और गैतमबुद्धनगर के जिलाधिकारी के निर्देश मुताबिक कोरोना वायरस के मद्देनजर जारी निर्देशों के तहत जनसभा का आयोजन संभव नहीं है। जनसभा में भीड़ होती है जिससे संक्रमण का खतरा होता है। ऐसे में लोगों के स्वास्थ्य पर विपरीत असर पड़ेगा। इस वजह से कार्यक्रम को अनुमति देना संभव नहीं है।