एमपी में अब सड़क पर टकराव / भाजपा मुख्यालय पर कार्यकर्ताओं से भिड़े कांग्रेस नेता, पथराव और हाथापाई भी हुई; धारा 144 लागू


भोपाल. विधानसभा, फिर सुप्रीम कोर्ट और अब सड़क। मध्य प्रदेश का सियासी टकराव बढ़ता जा रहा है। दिग्विजय सिंह और अन्य कांग्रेस नेताओं को बेंगलुरु में हिरासत में लिए जाने के खिलाफ भोपाल में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। पहले कार्यकर्ताओं ने राजभवन के सामने नारेबाजी की और इसके बाद वे भाजपा दफ्तर का घेराव करने पहुंचे। यहां भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हाथापाई हुई और पथराव भी किया गया। इस दौरान कई कार्यकर्ताओं को चोट आई है।


इस टकराव के बाद पुलिस ने भाजपा और कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है। भाजपा कार्यालय पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। इस घटना के बाद सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता हबीबगंज थाने पहुंच गए। प्रशासन ने धारा 144 लागू कर दी है। सीएसपी भूपेंद्र सिंह हबीबगंज थाने पहुंचे और भाजपा के कार्यकर्ताओं से हाथ जोड़कर घर जाने की अपील की।


हमें इस हमले की सूचना पहले ही मिल गई थी- भाजपा
भाजपा प्रवक्ता राहुल कोठारी के हाथ में चोट आई है। उन्होंने कहा- हमें भाजपा कार्यालय पर हमले की सूचना पहले ही मिल गई थी। इसकी सूचना प्रशासन को भी दी। प्रशासन की मिलीभगत से कांग्रेस कार्यकर्ता कार्यालय पर आए और पथराव किया। यह सारा काम प्रशासन की मिलीभगत से हुआ है। इस कृत्य से भाजपा कार्यकर्ता रुकने वाले नहीं हैं। हम दमनकारी सरकार को हटाने का प्रण लेकर आगे बढ़ेंगे। बेंगलुरु में दिग्विजय और यहां उनके गुर्गे गुंडागर्दी कर रहे हैं।


बेंगलुरु में कांग्रेस नेताओं को हिरासत में लिए जाने के बाद प्रदर्शन


बेंगलुरु में बुधवार सुबह बागी विधायकों से मिलने गए दिग्विजय सिंह, कांतिलाल भूरिया समेत 10 कांग्रेस नेताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया था। इसके विरोध में कांग्रेस ने दोपहर में राजभवन तक मार्च निकाला और राज्यपाल को ज्ञापन सौंपकर बागी विधायकों को बंधक बनाए जाने का आरोप लगाया।


Popular posts
भारत-चीन में हुई लेफ्टिनेंट जनरल लेवल बातचीत
Image
दिल्ली सरकार ने सर गंगाराम अस्पताल पर दर्ज कराई एफआईआर, बेडों की कालाबाजारी का आरोप
Image
नहर में मिला अज्ञात युवक का शव, पानी से बाहर निकालने से लेकर मोर्चरी में बर्फ लगाकर रखने तक का कार्य पुलिस ने ही किया
Image
धर्म स्थल खोलने के लिए जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में बनेगी कमेटी -मुख्यमंत्री ने की धर्म गुरू, संत-महंत एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों से विस्तृत चर्चा
Image
कोटा के निजी अस्पताल में भर्ती 17 साल के लड़के की रिपोर्ट आई पॉजिटिव, इसके संपर्क में आए 5 लोगों के सैंपल लिए
Image