जोधपुर. शहर में गुरुवार को कोरोना वायरस के सर्वाधिक 11 संदिग्ध सामने आए। इनमें इटली से लौटे एक दंपती भी शामिल थे। इस बीच तीन मरीजों पॉजिटिव होने की अफवाह फेल गई। दिनभर संदिग्धों की संख्या को लेकर भी मैसेज चलते रहे। हालांकि देर रात तक राहत भरी खबर आई कि सभी संदिग्ध निगेटिव हैं। छह एमडीएम अस्पताल में भर्ती हैं, एक एम्स के आइसोलेशन वार्ड में रखा है।
एमडीएम के आइसोलेशन वार्ड में इटली से आए भारतीय दंपती 27 वर्षीय पति व 25 वर्षीय पत्नी भी शामिल हैं। इनके साथ ही बीएसएफ के मंडोर निवासी 38 वर्षीय जवान, यूएसए से आया 24 वर्षीय युवक, पीपाड़ सिटी निवासी 28 वर्षीय युवक भी आइसोलेशन वार्ड में भर्ती हैं। वहीं जोधपुर निवासी एक संदिग्ध को एम्स आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया। जोधपुर का एक व्यक्ति सुबह ही निगेटिव आ गया था। पुणे की बुर्जुग महिला को स्वाइन फ्लू वार्ड में भर्ती किया है। इसके अलावा तीन विदेशी महिलाएं भी होटल में चैक इन करने से पहले एमडीएम में चैक करवाने आईं। डॉक्टरों ने उनकी जांच कर नो नीड़ टू आइसोलेशन की सलाह दी। देर रात तक आई रिपोर्ट में सभी निगेटिव आए।
सब नेगेटिव
शहर में गुरुवार को सोशल मीडिया पर एक संदेश वायरल होता रहा कि जोधपुर जिले में तीन मरीज पॉजिटिव मिले हैं। सीएमएचओ डॉ. बलवंत मण्डा से इस मामले में बात की ताे उन्होंने बताया कि वायरल संदेश में अंचल गहलोत, पर्वतसिंह भाटी व रतनसिंह को कोरोना पॉजिटिव बताया जा रहा है। ये तीनों हाल ही में विदेश भ्रमण कर लौटे है और पूरी तरह स्वस्थ हैं। पॉजिटिव वाली बात पूरी तरह अफवाह है। उन्होंने आमजन से अपील की है कि आप भी एक सजग नागरिक बनकर अफवाएं न फैलाएं, क्योंकि इस तरह की अफवाह से भय का माहौल पैदा होता है।