दादा को दफनाने के लिए खोद रहा था गड्ढा, हार्ट अटैक से खुद गिरा, मौत


मुजफ्फरनगर
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में एक दर्दनाक घटना हुई है। यहां पर अपने दादा की मृत्यु के बाद कब्र खोद रहे पोते की मौके पर मौत हो गई। घटना के बाद दोनों के शव एक साथ कब्र में दफनाए गए। घटना जिले के जानसठ इलाके में हुई।
पुलिस ने बताया कि 80 साल के मोहम्मद यूसुफ की हार्ट अटैक से शुक्रवार को मृत्यु हो गई थी। उनका 40 साल का पोता सलीम उन्हें लेकर क्रबिस्तान पहुंचा। सलीम के साथ उसके कई दोस्त भी थे। यहां वह गड्ढा खोदने लगा। अचानक उसे तेज पसीना आया और वह गड्ढे में ही गिर पड़ा। सलीम को उसके दोस्त डॉक्टर के पास लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।


मरने से पहले किया था मजाक
सलीम के दोस्तों ने बताया कि मरने से पहले सलीम ने मजाक में उन लोगों से कहा था कि एक और गड्ढा खोद लो, हो सकता है कोई और शव आ जाए। डॉक्टरों ने बताया कि सलीम को मृत ही अस्पताल लाया गया था। दोस्तों ने बाद में सलीम के दादा और उसकी कब्र खोदकर दफनाया।


आसपास दफनाए दोनों के शव
सलीम फल बेचता था। उसके पांच बच्चे हैं। उसके दोस्तों ने बताया कि वे लोग हैरान हैं कि सलीम ने अपने दादा के लिए कब्र खोदी और वह खुद उसमें गिर गया। उन लोगों ने दोनों के शव अगल-बगल में ही दफनाए हैं।