नई दिल्ली. देश में कोरोनावायरस से मरने वालों की संख्या 438 हो गई। महाराष्ट्र के पुणे में पिछले 24 घंटे में दो महिलाओं समेत तीन लोगों की मौत हुई। इसके साथ राज्य में मरने वालों की संख्या 191 हो गई है। उधर, गुजरात में संक्रमण से तीन मरीज की जान गई।
इन राज्यों में भी गुरुवार को मौतें हुईं
कर्नाटक: कर्नाटक के बेंगलुरु में 66 साल के मरीज ने दम तोड़ दिया। राज्य के स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, यह मरीज 10 अप्रैल से वेंटिलेटर पर था। राज्य में कोरोना संक्रमण से यह 13वीं मौत है।
उत्तर प्रदेश: आगरा के सरोजिनी नायडू (एसएन) मेडिकल कॉलेज में भर्ती 45 साल के संक्रमित ने दम तोड़ दिया। आगरा में अब तक कोरोना से पांच लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें तीन महिलाएं हैं।
पंजाब: अमृतसर में एक रिटायर्ड टीचर की मौत हुई। उसकी दो दिन पहले रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी।
तमिलनाडु: स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि राज्य में एक मरीज की मौत हुई है। लेकिन मरीज से जुड़ी अन्य जानकारी नहीं दी।