देश में कोरोना वायरस लॉकडाउन लागू हुए आज एक महीना पूरा-देश में कोरोना के कुल 21393 मामले,-  देश के 78 जिले कोरोना फ्री,


कोरोना से हारी मासूम-चंडीगढ़ पीजीआई में 26 घंटे तक कोरोना संक्रमण से लड़ने वाली 6 माह की बच्ची की मौत, उसके दिल में छेद था 
नई दिल्ली
भारत में लॉकडाउन को लागू हुए एक महीना पूरा होने के बाद भी कोरोना वायरस का संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है। स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटे में देशभर में 1409 नए मामले सामने आए हैं। इसी के साथ देश में कोरोना के कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या बढ़कर 21,393 हो गई है।
देश के 78 जिलों में 14 दिनों से कोई केस नहीं
स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि आज देश में 12 जिले ऐसे हैं जहां पिछले 28 दिनों से कोरोना का कोई नया मामला सामने नहीं आया है। वहीं अब देश में 23 राज्य और केंद्रशासित प्रदेशों के 78 जिले ऐसे भी हैं जहां पिछले 14 दिनों से कोई केस दर्ज नहीं हुआ है।


गृह मंत्रालय ने कुछ जरूरी सेवाओं को दी छूट
गृह मंत्रालय की संयुक्त सचिव पुण्य सलिला श्रीवास्तव ने कहा कि देश में ग्रामीण क्षेत्रों में अर्थव्यवस्था की गति बनाए रखने के लिए कृषि कार्यों की अनुमति दी है। वहीं, वरिष्ठ नागरिकों की बैक साइड अटेंडेंट और देखभाल सेवाओं को प्रतिबंधों से छूट दी गई है।


इसके अलावा प्रीपेड मोबाइल की रिचार्ज सेवाओं, शहरी क्षेत्रों में स्थित खाद्य प्रसंस्करण उद्योग जैसे मिल्क प्रोसेसिंग यूनिट, ब्रेड फैक्ट्री, आटा मिलों को छूट प्राप्त है। विद्यार्थियों के लिए शैक्षिक किताबों की दुकानों और गर्मी के मौसम को देखते हुए इलेक्ट्रिक पंखों की दुकानों को खोलने की अनुमति दी गई है
आज आंध्रप्रदेश में 80, मध्यप्रदेश में 50 नए मरीज मिले


देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 21634, हो गई है। गुरुवार को आंध्रप्रदेश में 80, मध्यप्रदेश में 50, राजस्थान में 49, पश्चिम बंगाल में 33, उत्तरप्रदेश में 24, कर्नाटक में 16, बिहार में 5, झारखंड में 3 और असम में एक मरीज की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। ये आंकड़े covid19india.org और राज्य सरकारों से मिली जानकारी के अनुसार हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में कोरोना संक्रमण के कुल 21393 मामले आए हैं। इनमें 16454 का इलाज चल रहा है। 4257 ठीक हुए हैं, वहीं 681 लोगों की मौत हुई है।
6 राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश का हाल 


    मध्यप्रदेश, संक्रमित- 1637: यहां गुरुवार को 50 संक्रमित मिले। इनमें से भोपाल में 20, उज्जैन में पहली बार एक दिन में 27 और सागर में 3 मरीजों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। भोपाल में अब कुल संक्रमित 323 और उज्जैन में 87 हो गए हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, राज्य में अब तक 31078 लोगों (कुल आबादी का 0.041%) के सैंपल लिए गए। इनमें से 21077 सैंपल की रिपोर्ट या तो निगेटिव आई है या रिजेक्ट हुई है। 8414 सैंपल की रिपोर्ट आना बाकी है।


उत्तरप्रदेश, संक्रमित- 1473: यहां गुरुवार को 24 मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आईं। इनमें कानपुर में 14, आगरा में 8 और लखनऊ में 2 मरीज मिले। कुल संक्रमितों में तब्लीगी जमातियों की संख्या 1004 है। राज्य में 173 मरीज ठीक हुए हैं, जबकि 21 की मौत हुई है। राहत की बात यह है कि 11 जिले कोरोना मुक्त हो चुके हैं। 


    महाराष्ट्र, संक्रमित- 5649: पुणे में 92 साल की एक महिला ने 14 दिन में कोरोना को मात दी है। हैरानी की बात है कि उन्हें कुछ दिन पहले ही पैरालिसिस (लकवा) का अटैक आया था। राज्य में अब तक 789 कोरोना संक्रमित ठीक हुए हैं। यहां बुधवार को संक्रमण के 431 केस आए, जबकि 18 मरीजों की जान गई। 
    राजस्थान, संक्रमित- 1937: यहां गुरुवार को 49 संक्रमित मिले हैं। इनमें जोधपुर में 20, जयपुर में 12, नागौर में 10, कोटा में 4 और हनुमानगढ़ में 2, जबकि अजमेर में एक मरजी की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। राज्य में बुधवार को 153 संक्रमित मिले थे।


दिल्ली, संक्रमित- 2248: दिल्ली के उप राज्यपाल अनिल बैजल ने निर्देश दिया है कि इस केंद्र शासित प्रदेश की पुलिस के लिए अलग से कोविड19 फैसिलिटी तैयार की जाए। उप राज्यपाल ने यह निर्देश भी दिया कि कोरोना संकट के बीच ड्यूटी कर रहे दिल्ली पुलिस के जवानों के लिए विशेष संक्रमण जांच केंद्र भी बनाया जाए।


    बिहार, संक्रमित- 147: यहां मुंगेर जिले में गुरुवार को 4 संक्रमित मिले हैं। उनके संपर्क में आए लोगों का भी पता लगा लिया गया है। राज्य में सबसे ज्यादा 31 संक्रमित नालंदा जिले में हैं। अब तक दो मरीजों की मौत हो चुकी है।
    गुजरात, संक्रमित- 2407: गुजरात 17 अप्रैल को संक्रमण के मामले में देश में छठे नंबर था। अब यह दूसरे नंबर पर आ गया है। यहां 179 लोग ठीक हुए हैं और 103 लोगों की मौत हो चुकी है। यहां बुधवार को 135 कोरोना पॉजिटिव मिले।