मुंबई में लॉकडाउन के बीच अपने घर की खिड़की से शहर का सन्नाटा देखती महिलाएं। देश में मुंबई संक्रमण से सबसे ज्यादा प्रभावित है।
नई दिल्ली. कई लोगों का अनुमान है कि तेज गर्मी पड़ने पर कोरोनोवायरस का असर खत्म हो जाएगा। सरकार के मंत्रालयों की साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस में भी मीडिया ने यह सवाल किया। इस पर स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा- इस पर कुछ कहना जल्दबाजी होगा कि कोरोना पर गर्मी का असर पड़ेगा। सभी को ऐसा लगता है कि ड्रॉपलेट गर्मी के कारण सूख जाएंगे और संक्रमण कम होगा। अगर ऐसा होगा तो यह दिखेगा, ऐसा होगा तो हम बताएंगे।
- स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि रैपिड टेस्टिंग किट मिल गई हैं। रैपिड टेस्ट डायग्नोसिस के लिए नहीं है यह शोध कार्य के लिए हैं।
- हॉटस्पॉट में जिनको भी बुखार, सर्दी और खांसी होती है उनका टेस्ट किया जाता है। ऐसा नहीं है कि हम टेस्ट कम कर रहे हैं। जिन स्थानों पर 2 प्रतिशत से कम संक्रमण दर हैं वहां भी 5 सैम्पल्स की जांच करेंगे।
- हमारा टेस्ट बिल्कुल दूसरे देशों की तरह ही है। हमारा नेटवर्क भी अच्छा है। जिन लोगों को लक्षण आए हैं उन्हें टेस्ट करवाने के लिए आगे आना चाहिए।
- गृह मंत्रालय ने कहा- राज्य सरकारों ने लॉकडाउन लागू करने के प्रयास बढ़ा दिए हैं। गेहूं, चावल, दाल और दूध की आपूर्ति संतोषजनक है।
संक्रमितों की संख्या 13 हजार के करीब
देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 12 हजार 814 हो गई है। आज 447 मामले सामने आए। इनमें महाराष्ट्र में 165, गुजरात में 105, मध्यप्रदेश मे 42, कर्नाटक में 34, राजस्थान में 28, तमिलनाडु में 25, उत्तरप्रदेश में 19, पश्चिम बंगाल में 18, हरियाणा में 9, जबकि बिहार में 2 मरीज मिले हैं। ये आंकड़े covid19india.org और राज्य सरकारों से मिली जानकारी के अनुसार हैं। केंदीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, गुरुवार सुबह 8 बजे तक देश में 12 हजार 380 संक्रमित हैं। इनमें से 10 हजार 477 का इलाज चल रहा है। 1 हजार 488 लोग ठीक हुए हैं और 414 की मौत हुई है।
कोरोना जांच के सैम्पल ले जा रहे हेलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग
उत्तरप्रदेश के बागपत में गुरुवार सुबह ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे पर एयरफोर्स के चीता हेलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिग करानी पड़ी। वह लेह से कोरोना की जांच के सैम्पल लेकर चंडीगढ़ जा रहा था। बताया जा रहा है कि हेलिकॉप्टर में तकनीकी खराबी आ गई थी। सूचना मिलते ही गाजियाबाद स्थित हिंडन से इंजीनियर्स मौके पर पहुंचे। करीब आधा घंटे बाद हेलीकॉप्टर वापस हिंडन के लिए रवाना हो गया।
6 राज्य, 1 केंद्र शासित प्रदेश के हाल
- मध्यप्रदेश, संक्रमित- 980: यहां इंदौर में गुरुवार को संक्रमण के 42 मामले सामने आए। राज्य में बुधवार को 197 रिपोर्ट पॉजिटिव आई थीं। इनमें से 159 मरीज इंदौर में और 2 साल की बच्ची समेत 16 मरीज भोपाल में मिले थे। भोपाल में कुल 160 मरीज हैं।
- महाराष्ट्र, संक्रमित- 3008: राज्य में गुरुवार को 165 कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आईं। इनमें से अकेले मुंबई में 107 मरीज मिले। मुंबई में कुल 1 हजार 863 पॉजिटिव हैं। यह राज्य के कुल संक्रमितों का 62% है। मुंबई के बाद सबसे ज्यादा 351 मरीज पुणे में हैं।
- राजस्थान, संक्रमित- 1101: यहां गुरुवार को 25 रिपोर्ट पॉजिटिव आईं। इनमें से टोंक में 11, जोधपुर में 10, झुंझुनूं में 2, जबकि बीकानेर और अजमेर में 1-1 संक्रमित मिला है। बुधवार को यहां 71 मरीजों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थीं।
- उत्तरप्रदेश, संक्रमित- 751: यहां गुरुवार को आगरा में 19 संक्रमित मिले। इसके साथ ही जिले में कुल संक्रमितों की संख्या 167 हो गई। बुधवार को राज्य में 45 कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थीं।
- बिहार, संक्रमित-74: यहां गुरुवार को 2 मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। राज्य में कोरोना के संक्रमण को रोकने के लिए पल्स पोलियो की तर्ज पर अभियान शुरू किया गया है। स्वास्थ्य विभाग के कर्मी घर-घर जाकर स्क्रीनिंग कर रहे हैं। 8 हजार से अधिक गांव में डोर-टू-डोर स्क्रीनिंग की जाएगी।
- गुजरात, संक्रमित- 871: यहां गुरुवार को संक्रमण के 105 मामले आए। इनमें से सबसे ज्यादा 42 मरीज अहमदाबाद में और 35 सूरत में मिले हैं। बुधवार को राज्य में 116 नए केस आए। अहमदाबाद में सबसे ज्यादा 492 संक्रमित हैँ इसके बाद 127 मरीज वडोदरा में हैं।
- दिल्ली, संक्रमित- 1578: स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने गुरुवार को बताया कि यहां एक पिज्जा बॉय संक्रमित मिला है। उसके 17 साथियों को क्वारैंटाइन कर दिया गया है। आसपास के 72 घरों के सदस्यों को होम क्वारैंटाइन होने की सलाह दी गई है।