महामारी के बीच शहर-नगर और कस्बों को साफ रखने में सफाईकर्मी बड़ी भूमिका निभा रहे हैं। ऐसे ही लोगों का प्रयागराज में नगर निगम ने सम्मान किया।
नई दिल्ली. कोरोनावायरस से देश में सबसे ज्यादा प्रभावित महाराष्ट्र है। यहां संक्रमितों की संख्या में 27 दिन में 100 गुना से ज्यादा का इजाफा हुआ है। राज्य में 14 मार्च को कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 14 थी, जो 10 अप्रैल को बढ़कर 1600 के करीब पहुंच गई। न्यूज एजेंसी के मुताबिक, अकेले मुंबई में ही संक्रमितों की संख्या 993 हो गई है। शुक्रवार को यहां 218 नए मरीज सामने आए, जबकि 10 लोगों की मौत हुई। राज्य में कोरोना की वजह से अबतक 108 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। इधर, देश में कोराना के मरीजों की संख्या 7 हजार 62 हो गई है। आज 333 नए मामले सामने आए। ये आंकड़े covid19india.org वेबसाइट के मुताबिक हैं। वहीं, स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, अभी देश में कुल संक्रमितों की संख्या 6 हजार 761 है। इनमें से 6 हजार 39 का इलाज चल रहा है। 515 मरीज ठीक हो चुके हैं, जबकि 206 की मौत हुई।
इसबीच, कोरोनावायरस संकट से निपटने के लिए पंजाब में कर्फ्यू को 30 अप्रैल तक बढ़ाया गया है। कैबिनेट की बैठक में यह फैसला किया गया। ओडिशा के बाद पंजाब दूसरा राज्य है, जहां कर्फ्यू का समय बढ़ाया गया है। उधर, देश में 1 अप्रैल को 2 हजार 59 संक्रमित थे। तब से अब तक 5 हजार से ज्यादा मरीज बढ़े हैं। यानी, 10 दिन में ही कोरोना संक्रमण के मामलों में 70% की बढ़ोतरी हुई है।
आज कहां कितने मरीज मिले
महाराष्ट्र-234, तमिलनाडु-77, राजस्थान-57, मध्यप्रदेश-40, उत्तरप्रदेश-23, जम्मू-कश्मीर-23, गुजरात-46, पंजाब-21, कर्नाटक-10, पश्चिम बंगाल-13, केरल-7, हरियाणा-6, ओडिशा-4, आंध्रप्रदेश और बिहार में 2-2, झारखंड-1।
7 राज्य और 2 केंद्र शासित प्रदेशों के हाल
- महाराष्ट्र, संक्रमित 1603: राज्य में शुक्रवार को कोरोना संक्रमण के 234 नए केस सामने आए। इसमें से अकेले मुंबई में 218 नए मरीज मिले। इसके साथ ही शहर में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 993 हो गई है। अकेले शुक्रवार को शहर में 10 लोगों की मौत हुई। इनकी उम्र 46 से 75 साल के बीच की है। मृतकों में 6 पुरुष और चार महिलाएं हैं। इसमें 9 को डायबिटीज, हाइपरटेंशन व अन्य बीमारियों से जुड़ी समस्याएं थीं। जबकि 45 साल की एक महिला की सायन हॉस्पिटल में मौत हुई। उनकी कोई मेडिकल हिस्ट्री नहीं है। महाराष्ट्र में इसे मिलाकर मौत का आंकड़ा 108 हो गया। इधर, सांगली के इस्लामपुर से शुक्रवार को एक अच्छी खबर आई। जिले के प्रभारी मंत्री जयंत पाटिल ने बताया कि यहां 26 संक्रमितों में से 22 की लगातार दो रिपोर्ट निगेटिव आई हैं। उन्होंने उम्मीद जताई की बाकी मरीज भी जल्द ही ठीक हो जाएंगे। राज्य में गुरुवार को संक्रमण के 229 मामले सामने आए थे। 18 लोगों की मौत हुई थी।
- मध्यप्रदेश, संक्रमित- 451: राज्य में शुक्रवार को संक्रमण के 40 नए मामले सामने आए। इनमें से 22 रिपोर्ट इंदौर में और 14 भोपाल में पॉजिटिव आई हैं। इसके साथ ही इंदौर में कुल संक्रमितों की संख्या 235 और भोपाल में 112 हो गई। इनके अलावा मुरैना में 13, उज्जैन में 15, खरगोन में 12, बड़वानी में 14, जबलपुर में 9, ग्वालियर में 6, इटारसी में 6, छिंदवाड़ा में 4, खंडवा में 5, देवास में 3, शिवपुरी-विदिशा में 2-2, जबकि धार, बैतूल, श्योपुर, रायसेन, रतलाम में एक-एक मरीज हैं। राज्य में गुरुवार को 70 नए मामले सामने आए थे। उधर, छिंदवाड़ा जिले के चुनारी में लॉकडाउन के बीच मस्जिद में नमाज पढ़ते पाए गए 40 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
- राजस्थान, संक्रमित- 520: शुक्रवार को 57 नए संक्रमित मिले। इनमें जयपुर में 15, जैसलमेर में 16 (इनमें 8 ईरान से आए), बांसवाड़ा में 12, जोधपुर में 8, झालावाड़ में 3 मरीज मिले। अलवर, भरतपुर और कोटा में 1-1 केस सामने आया है। अजमेर में जिला प्रशासन ने जरूरतमंदों को अनाज या भोजन बांटते समय फोटो-सेल्फी लेने पर रोक लगा दी है। राजस्थान में अजमेर के रामगंज में कोरोना संक्रमण के संबंध में सर्वे करने पहुंचे डॉक्टरों के साथ बदसलूकी करने के आरोप में 7 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। कुल 25 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
- उत्तरप्रदेश, संक्रमित- 433: बीते 24 घंटों में यहां संक्रमण के 67 नए मामले सामने आए। शुक्रवार को कुल 23 नए मामले सामने आए। कुल संक्रमितों में से 210 तब्लीगी जमात से संबंधित हैं। प्रयागराज में एक प्रोफेसर पर तब्लीगी जमात में जाने की जानकारी छिपाने पर एफआईआर दर्ज की गई है। प्रोफेसर और उनकी पत्नी को क्वारैंटाइन कर दिया गया है। राज्य के 15 जिलों में चिन्हित 104 हॉट स्पॉट को सील कर दिया गया है। आगरा और गौतम बुद्ध नगर जिले में सबसे ज्यादा 22 हॉटस्पॉट हैं। इसके बाद गाजियाबाद में 13, लखनऊ में 12 और कानपुर में 10 हैं।
- बिहार, संक्रमित- 60: सीवान में शुक्रवार को एक परिवार के 2 सदस्य कोरोना पॉजिटिव पाए गए। वे ओमान से लौटे एक संक्रमित के संपर्क में आए थे। बिहार में कोरोना के सबसे ज्यादा 29 मरीज सीवान में ही हैं। राज्य में एक मरीज की मौत हुई है, जबकि 15 ठीक हो चुके हैं।
- दिल्ली; संक्रमित- 720: दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैने ने शुक्रवार को बताया कि कुल संक्रमितों में से 22 आईसीयू में हैं। इनमें से 7 वेंटिलेटर पर हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली में चिह्नित किए गए हॉटस्पॉट में घर-घर जाकर मेडिकल स्कैनिंग की जा रही है। निजामुद्दीन इलाके में 6 हजारों घरों में स्कैनिंग की जा चुकी है। इस दौरान एक व्यक्ति संक्रमित पाया गया है। दिल्ली में गुरुवार को 51 संक्रमित मिले थे। इनमें से 4 मरीज निजामुद्दीन मरकज से संबंधित हैं।
- हरियाणा, संक्रमित- 176: शुक्रवार को यहां 6 कोरोना पॉजिटिव मिले। 3 अंबाला में और 1-1 सोनीपत और पंचकूला में। राज्य में संक्रमण के लगातार बढ़ रहे मामलों को देखते हुए 6 जिलों में 11 अस्पतालों को कोविड-19 अस्पताल घोषित कर दिया गया है। यहां सिर्फ कोरोना संक्रमितों का ही इलाज होगा। इन अस्पतालों में 2 हजार 900 बिस्तर हैं। राज्य में सबसे ज्यादा 38 संक्रमित नूह में हैं। इसके बाद गुरुग्राम में 32, जबकि पलवल और फरीदाबाद में 28-28 मरीज हैं।
- पंजाब, संक्रमित-151: यहां शुक्रवार को 21 नए मरीज सामने आए। मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने शुक्रवार को बताया कि राज्य में कुल संक्रमितों में से 11 की मौत हो चुकी है। एक मरीज वेंटिलेटर पर है और 2 को ऑक्सीजन दी जा रही है। अब तक 2 हजार 877 सैम्पल लिए गए हैं, जो 2 करोड़ 80 लाख की आबादी वाले राज्य में नाकाफी हैं। राज्य में सरकारी और निजी अस्पतालों में कुल 434 वेंटिलेटर हैं।
- गुजरात, संक्रमित 308: यहां शुक्रवार को 46 नए मामले सामने आए। इनमें से अहमदाबाद में 11, वडोदरा में 17, पाटन में 6, भावनगर और भरूच में 4-4, कच्छ में 2, जबकि राजकोट और गांधीनगर में 1-1 संक्रमित मिला। अहमदाबाद में सबसे ज्यादा 153 संक्रमित हैं। गुरुवार को संक्रमण के 76 मामले सामने आए थे।
जम्मू-कश्मीर, संक्रमित- 207: यहां शुक्रवार को संक्रमण के 23 और मामले सामने आए। राज्य के प्रमुख सचिव (योजना) रोहित कंसल ने शुक्रवार को बताया कि राज्य में कुल संक्रमितों में 39 जम्मू से हैं और 168 श्रीनगर से। उधर, उप-राज्यपाल जीसी मुर्मू ने बताया कि दिल्ली मरकज में जाने वाले 1 हजार 900 लाेगों को यहां मोबाइल लोकेशन से ट्रेस किया गया है। उन्हें आइसोलेशन में रखा गया है।