कोरोना रेड जोन में पत्नी का मर्डर, पुलिस ने पति को बाहर बुलाकर किया अरेस्ट


नई दिल्ली
कोरोना वायरस लॉकडाउन के बीच मर्डर का एक अनोखा मामला सामने आया है। वहां शख्स ने मर्डर कर खुद पुलिस को जानकारी दी और पुलिस ने गिरफ्तारी के लिए उसके रेड जोन से बाहर आने का इंतजार किया। घटना पंजाबी बाग की है जो रेड जोन घोषित है। पति ने पुलिस को कॉल करके बताया था कि पत्नी से झगड़ा होने पर उसने सिर पर डंडा मार दिया। पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया है। वारदात शुक्रवार-शनिवार देर रात की है।

पुलिस की मानें तो रेड जोन में मर्डर का यह पहला केस था। एतिहात के तौर पर पुलिस फटाफट क्राइम सीन पर नहीं पहुंची। पहले शख्स को कहा गया कि वह रेड जोन से बाहर आ जाए, आने पर उसे अरेस्ट करके आइसोलेशन में भेजा गया। इसके बाद पुलिस सैनिटाइजेशन के बाद पीपीई पहनकर ही क्राइम सीन पर गई।


वेस्ट दिल्ली के डीसीपी दीपक पुरोहित ने बताया कि मृतक महिला का नाम गुलशन (39) है। उनके पति 34 साल के रहीसुल आजम मादीपुर ए ब्लॉक के एक घर में थर्ड फ्लोर पर पत्नी के साथ रहते थे। दोनों की दूसरी शादी थी। आजम जहांगीरपुरी में फुटवियर बेचने का काम करता था। गुलशन बिहार के मोतीहारी की रहने वाली थीं। पुलिस ने बताया कि करीब तीन महीने पहले दोनों की दूसरी शादी हुई थी। गुलशन के पहले पति से जो बच्चे हुए थे, वह मोतीहारी में अपने नाना-नानी के पास रह रहे थे।


बच्चों को साथ रखना चाहती थी पत्नी
गुलशन अपने बच्चों के भविष्य के बारे में कई बार आजम से बात कर चुकी थी। वह बेहतर परवरिश के लिए उन्हें अपने साथ लाना चाहती थीं। जबकि आजम पत्नी के पहले पति से हुए बच्चों को अपने पास नहीं रखना चाहता था। इसी बात को लेकर दोनों में अक्सर झगड़ा रहता था। शुक्रवार देर रात भी इसी बात को लेकर झगड़ा हुआ। आजम ने पुलिस को दिए बयान में बताया है कि उसे गुस्सा आ गया और उसने डंडे को गुलशन के सिर पर दे मारा, जिससे उसकी मौत हो गई। उसने काफी देर तक सोचा कि क्या करे, फिर पुलिस को कॉल करके मामले की जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि दोनों की शादी हाल में हुई थी, इसलिए मामले की जांच एसडीएम द्वारा की जाएगी।