पति की बुरी आदतों से ही नहीं, बल्कि इन वजहों से भी अक्सर परेशान रहती हैं महिलाएं


कई महिलाओं को मैंने ये कहते सुना है कि अक्सर उनके घर में छोटी-छोटी बात को लेकर झगड़ा हो जाता है। जिसके चलते घर में कलह-कलेश का माहौल बना रहता है। लेकिन कभी आपने इस बात पर गौर किया है कहीं आप तो इस झगड़ें की वजह नहीं हैं। कैसे? जानिए यहां।

एक शादीशुदा रिश्ते को चलने के लिए दो जिंदगियों में तालमेल होना बेहद जरूरी है। कई बार तो हम भंवर में फंसी गृहस्थ जीवन की कश्ती को भी हंसते-हंसते पार कर लेते हैं लेकिन कई बार इससे बाहर निकल पाना थोड़ा मुश्किल हो जाता है। हमें अपने जीवन में क्या चाहिए? यह पूरी तरह हमारी सोच पर निर्भर करता है। लेकिन लगता है कि कुछ महिलाएं आज भी इस बात से पूरी तरह से अनजान हैं तभी तो वे अपने पति को बात-बात पर ताने मारने का कोई मौका नहीं छोड़तीं। बात-बात पर ज्यादातर चीजों को गलत समझने वाली ये महिलाएं अक्सर अपने घर में तनाव के हालातों को जन्म देती हैं, जिसके कारण उनका पूरा परिवार तो परेशान रहता है और साथ ही साथ वो खुद भी खुश नहीं रह पातीं।


बात-बात पर गुस्सा करना


कहते हैं एक औरत चाहे तो किसी घर को बना भी सकती है और बिगाड़ भी सकती है। जी हां, ये सुनने में तो आपको थोड़ा अटपटा जरूर लग रहा होगा लेकिन शत-प्रतिशतऐसा ही है। महिला अगर खुश होगी तो उसका सारा परिवार खुशहाल रहेगा, लेकिन अगर किसी कारणवश घर की स्त्री ही खुश नहीं है तो वो घर कभी भी फलेगा-फूलेगा नहीं। इसी के विपरीत अगर महिला बात-बात पर गुस्सा करती है तो वो भी सही नहीं है। इससे अधिकतर घरों में तनाव की स्थिति बनी रहती है। ऐसी महिलाएं खुद भी परेशान रहती हैं साथ ही उनके आस-पास वाले लोगों का मूड भी खराब रहता है।


तिल का ताड़ बनाना


अगर किसी कारण पति-पत्नी में लड़ाई हो जाती है तो कोशिश हमेशा यही करनी चाहिए कि जल्द से जल्द ये बात यही खत्म हो जाए। लेकिन कुछ महिलाएं छोटी- सी बात को बढ़ाने में देर नहीं करतीं, जिसके कारण हर पल उनके घर में लड़ाई का माहौल रहता है। इतना ही नहीं, उन्हें अपने आगे पूरी दुनिया गलत और सिर्फ वह खुद ही सही लगती है।


बात-बात पर डिमांड


शॉपिंग करना हर महिला को पसंद होता है वो अपने बजट के अनुसार ही अपने लिए चीजें लेना पसंद करती हैं। लेकिन कुछ महिलाओं के शौक कभी खत्म नहीं होते, उन्हें मार्किट में जाते ही अपने लिए कुछ न कुछ जरूर खरीदना है जिसके चलते हर समय उनके पास पैसों की तंगी रहती है। ऐसी महिलाएं अक्सर अपने पति से नई-नई डिमांड करने से भी नहीं कतराती हैं और यही दोनों के बीच हमेशा झगड़ा होता रहता है।


जलन की भावना


कई महिलाएं दूसरों के महंगे घर, गाड़ियां और धन संपत्ति को देखकर मन ही मन जलन की भावना महसूस करती हैं। उनके मन में हमेशा ज्यादा का लालच बना रहता है। जिसके कारण भी वो परेशान रहती हैं।


हमेशा उम्मीदें रखना


महिलाओं की ऐसी प्रवृत्ति होती है कि वो अक्सर अपने चाहने वालों से ज्यादा की उम्मीद करती हैं, जो कभी-कभार उनका दिल तोड़ने के लिए काफी है। जी हां, बच्चों द्वारा हमेशा उनकी केयर करना और पति द्वारा हर बात का ध्यान रखना, वो सबसे कुछ इस तरह की ज्यादा ही उम्मीदें रखती हैं और जिनके पूरे न हो पाने के कारण वो तनावग्रस्त बनी रहती हैं।