रिपब्लिक टीवी के एडिटर अर्णब गोस्वामी और उनकी पत्नी पर मुंबई में हमला, दो आरोपी गिरफ्तार


मुंबई


रिपब्लिक टीवी के एडिटर इन चीफ अर्णब गोस्वामी और उनकी पत्नी पर आधी रात मुंबई में हमला किया गया। दो अज्ञात लोगों ने उस समय उनपर हमला किया जब वे स्टूडियो से घर की ओर जा रहे थे। हालांकि अर्णब और उनकी पत्नी पूरी तरह सुरक्षित हैं, उन्हें कोई चोट नहीं आई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।


पुलिस ने अर्णब पर हमले के संबंध में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इनके खिलाफ एनएम जोशी मार्ग पुलिस थाने में आईपीसी की धारा 341 और 504 के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। 


अर्णब ने कहा है कि रात करीब 12:10 पर वह पत्नी और एक अन्य सहयोगी के साथ ऑफिस से घर जा रहे थे। गणपतराव कदम मार्ग पर बाइक से आए दो लोगों ने उन्हें ओवरटेक किया। उन्होंने रास्ता रोक लिया और ड्राइवर साइड से कार की विंडो पर कई बार वार किया। कार अर्णब चला रहे थे। शीशा नहीं टूटा तो उन्होंने लिक्विड का एक बोतल निकाला और उसे कार पर फेंका। वह गालियां भी दे रहे थे। 


सूचना प्रसारण मंत्री ने की निंदा
सूचना प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने हमले की निंदा करते हुए कहा, 'हम वरिष्ठ पत्रकार अर्णब गोस्वामी पर हमले की निंदा करते हैं। हम किसी भी पत्रकार पर हमले की निंदा करते हैं। यह लोकतंत्र के खिलाफ है। जो लोग सहिष्णुता पर प्रवचन देते हैं वे उतने असहिष्णु हो गए हैं। यह अलोकतांत्रिक है।'


सोनिया गांधी पर टिप्पणी को लेकर अर्णब की हुई थी शिकायत
इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी पर की गई टिप्पणी को लेकर वरिष्ठ पत्रकार अर्णब गोस्वामी के खिलाफ बुधवार को राजस्थान के जयपुर में दो अलग-अलग थानों में शिकायत दर्ज की गई। छत्तीसगढ़ में भी उनके खिलाफ पुलिस शिकायत दर्ज कराई गई। जयपुर में श्यामनगर थाने में एक वकील की ओर से शिकायत दर्ज करवाई गई है जबकि बजाज नगर थाने में एक कांग्रेस कार्यकर्ता की ओर से शिकायत दर्ज करवाई गई है। दोनों शिकायतकर्ताओं ने सोनिया गांधी के खिलाफ कथित टिप्पणी करने पर पत्रकार की गिरफ्तारी की मांग की।