तमिलनाडु में भी 30 अप्रैल तक बढ़ा लॉकडाउन, सीएम ने किया ऐलान


चेन्नै
देश भर में कोरोना वायरस के मामले थमते नजर नहीं आ रहे हैं। इस मद्देनजर देशव्यापी लॉकडाउन की समय सीमा बढ़नी लगभग तय है। मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को संबोधित करेंगे। माना जा रहा है कि इस दौरान वह लॉकडाउन की समय सीमा बढ़ाने का ऐलान कर सकते हैं। इस बीच कई राज्यों ने अधिसूचना जारी कर लॉकडाउन की अवधि बढ़ाने की घोषणा कर दी है।
ओडिशा, पंजाब, महाराष्ट्र इत्यादि राज्यों के बाद अब तमिलनाडु सरकार ने भी राज्य में कोविड-19 के मद्देनजर लॉकडाउन की समय सीमा बढ़ाकर 30 अप्रैल तक कर दी है। प्रदेश के सीएम के पलानीस्वामी ने मंगलवार को इसकी घोषणा की। राज्य में अब तक कोरोना के 1043 मामले सामने आए हैं। इनमें से 50 का इलाज कर उन्हें घर भेज दिया गया है। वहीं 11 लोगों की कोरोना से अब तक मौत हो चुकी है।


महाराष्ट्र में भी बढ़ा लॉकडाउन
तमिलनाडु से पहले, सोमवार को महाराष्ट्र सरकार ने भी राज्य में लॉकडाउन 30 अप्रैल तक बढ़ाने के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी थी। महाराष्ट्र देश में कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य है। यहां अब तक सर्वाधिक 149 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है। प्रदेश में 1985 मरीज सामने आए हैं, जिनमें से 217 लोगों का इलाज कर उन्हें डिस्चार्ज कर दिया


ओडिशा और पंजाब में भी लॉकडाउन
इसके अलावा ओडिशा सरकार ने भी राज्य में 30 अप्रैल तक के लिए लॉकडाउन बढ़ाने का फैसला किया है। ऐसा करने वाला ओडिशा देश का पहला राज्य है। ओडिशा में कोरोना के 54 मामले सामने आए हैं। इनमें 12 ठीक हो चुके हैं और एक मरीज की मौत हुई है। वहीं, प्रदेश में कोरोना वायरस के तेजी से बढ़ते मामलों को देखते हुए पंजाब सरकार ने राज्य में 1 मई तक लॉकडाउन बढ़ाने का फैसला किया है। पंजाब में कोविड 19 के 151 मामले दर्ज हुए हैं। इनमें 5 ठीक हो चुके हैं जबकि 11 लोगों की मौत हो चुकी है।