अजमेर / सीबीएसई परीक्षा की डेट शीट जारी, कक्षा 12वीं का पहला पेपर होम साइंस का होगा


अजमेर.. केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की 12वीं कक्षा की शेष परीक्षाओं की शुरूआत 1 जुलाई से होगी। जिसकी शुरुआत होम साइंस के पेपर से होगी। सीबीएसई ने सोमवार को शेष परीक्षा का कार्यक्रम जारी कर दिया।


सीबीएसई की डेट शीट के अनुसार देश भर में 12वीं कक्षा के शेष पेपरों की आल इंडिया स्तर पर और उत्तर पूर्वी दिल्ली में होने वाली परीक्षाओं के विषयवार कार्यक्रम दिए गए हैं। परीक्षा का समय वही सुबह 10.30 बजे से दोपहर 1.30 बजे यानी 3 घंटे का दिया गया है। टाइम टेबल इस तरह से तैयार किया गया है कि जो परीक्षाएं पूरे देश में होंगी उनके सामने आल इंडिया लिखा गया है। जो केवल उत्तर पूर्वी दिल्ली में होंगी, उनके सामने एनई लिखा है। यह परीक्षा कार्यक्रम 15 जुलाई तक होने वाली परीक्षाओं का है। 


15 जुलाई तक चलेंगी परीक्षा


कक्षा 12वीं का पहली जुलाई यानी बुधवार को आल इंडिया स्तर पर होम साइंस का पेपर होगा। इसके बाद गुरूवार को 12वीं कक्षा के शेष पेपर हिंदी कोर व हिंदी इलेक्टिव के पेपर होंगे। 3 जुलाई शुक्रवार को भौतिक  का पेपर उत्तर पूर्वी दिल्ली में होगा। 4 जुलाई शनिवार को उत्तर पूर्वी दिल्ली में ही अकाउंटेंसी का पेपर होगा। 6 जुलाई सोमवार को उत्तर पूर्वी दिल्ली में रसायन विज्ञान का पेपर होगा। 7 जुलाई मंगलवार को इंफाॅर्मेशन प्रेक्टिस न्यू व ओल्ड, कंप्यूटर साइंस न्यू व ओल्ड , इंफाॅर्मेशन टेक के पेपर होंगे। बुधवार 8 जुलाई को उत्तर पूर्वी दिल्ली के विद्यार्थियों के लिए सीबीएसई की ओर से अंग्रेजी इलेक्टिव न्यू, अंग्रेजी इलेक्टिव ओल्ड और अंग्रेजी कोर के पेपर होंगे। 


कक्षा 12वीं के 9 जुलाई गुरुवार को बिजनेस स्टडीज का पेपर आल इंडिया स्तर पर होगा। 10 जुलाई शुक्रवार को बायोटेक्नोलॉजी  का पेपर ऑल इंडिया स्तर पर होगा। 11 जुलाई शनिवार को भूगोल का पेपर आल इंडिया स्तर पर होगा। 13 जुलाई सोमवार को सोशियोलोजी  का पेपर आल इंडिया स्तर पर होगा। जबकि 14 और 15 जुलाई के पेपर उत्तर पूर्वी दिल्ली में क्रमश:  14 को पॉलिटिकल साइंस का और 15 को  इतिहास, अर्थ शास्त्र, गणित और जीव विज्ञान के पेपर होंगे।
परीक्षा कंट्रोलर डाॅ संयम भारद्वाज ने यह कार्यक्रम जारी किया है।


यह निर्देश भी जारी किए हैं


इस डेट शीट में ही स्टूडेंट्स के लिए जानकारी दी गई है कि परीक्षा केंद्र में सुबह 10.15 बजे से परीक्षा प्रश्न पत्राें का वितरण शुरू हो जाएगा। परीक्षा आंसर बुक विद्यार्थी को सुबह 10 से 10.15 बजे के बीच उपलब्ध करा दी जाएगी। 10.30 बजे से पेपर शुरू हो जाएगा। इसलिए परीक्षार्थियों को सुबह 9.30 बजे तक परीक्षा केंद्र पहुंचना होगा।