देश में 1 लाख 45 हजार 380 कोरोना संक्रमित-आंध्र में एक हफ्ते से संक्रमण की रफ्तार सबसे कम 2%, बिहार में सबसे ज्यादा 11%


यह तस्वीर दिल्ली की है। ट्रेन का इंतजार कर रहा एक प्रवासी अपने बच्चे को अखबार से हवा कर रहा है। भीषण गर्मी ने इनकी मुश्किलों को और बढ़ा दिया है। 


नई दिल्ली. देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 1 लाख 46 हजार 204 हो गई है। संक्रमण से सबसे ज्यादा प्रभावित महाराष्ट्र है। इसके बाद तमिलनाडु, गुजरात, दिल्ली, राजस्थान, मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, पश्चिम बंगाल आंध्रप्रदेश और बिहार हैं। इनमें बीते एक हफ्ते से सबसे कम रफ्तार से आंध्रप्रदेश में और अधिक महाराष्ट्र में बढ़ा है। आंध्रप्रदेश में जहां रोजाना औसतन 2% मरीज बढ़े तो बिहार में 11% की दर से मरीज बढ़े हैं। 


ये आंकड़े covid19india.org और राज्य सरकारों से मिली जानकारी के आधार पर हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में 1 लाख 45 हजार 380 संक्रमित हैं। इसमें से 80 हजार 722 का इलाज चल रहा है, 60 हजार 490 ठीक हुए हैं और 4167 की मौत हो चुकी है।
पांच राज्यों का हाल


    मध्यप्रदेश: यहां मंगलवार को 70 केस आए। इनमें भोपाल में 30, देवास में 19, सागर में 11, सतना और नरसिंहपुर में 3-3, भिंड और मुरैना में 2-2 संक्रमित मिले। चिरायु अस्पताल से 16 लोग स्वस्थ होकर घर लौटे। राज्य में 300 की मौत हो चुकी है। 3571 स्वस्थ हुए। एक्टिव केस यानी अस्पताल में भर्ती मरीजों की संख्या 2988 है।


महाराष्ट्र: मुंबई के केईएम अस्पताल के कोरोना वार्ड में तैनात एक कर्मचारी की मौत के बाद मंगलवार को हॉस्पिटल के बाहर स्वास्थ्यकर्मियों, पैरामेडिकल स्टाफ ने हंगामा किया। इनका आरोप है कि 4 दिन से बीमार चल रहे स्वास्थ्यकर्मी ने छुट्टी के लिए कई बार अर्जी दी, जो मंजूर नहीं की गई। रविवार रात उनकी मौत हो गई। मौत के बाद कर्मचारी का कोरोना टेस्ट किया गया। रिपोर्ट का इंतजार है।


    उत्तरप्रदेश: यहां कुल संक्रमितों में से 3600 मरीज ठीक भी हुए हैं। यह कुल संक्रमितों का करीब करीब 55% है। 2668 मरीजों का इलाज चल रहा है।169 कोरोना संक्रमितों की मौत हुई है। इस बीच, गाजियाबाद प्रशासन ने जिले में संक्रमण तेजी बढ़ता देख दिल्ली से सटी सीमा सील कर दी है। इसके बाद मंगलवार सुबह यहां जाम लग गया। जरूरी सेवाओं में लगे वाहनों और कर्मचारियों पर यह प्रतिबंध लागू नहीं है।
    राजस्थान: यहां मंगलवार को संक्रमण के 76 मामले सामने आए। इनमें से जयपुर में 16, उदयपुर में 13, झालावाड़ में 12, राजसमंद में 11, झुंझुनूं और बीकानेर में 5-5, नागौर और कोटा में 4-4, पाली में 3, धौलपुर में 2, जबकि भरतपुर में 1 मरीज मिला। 
    बिहार: यहां सोमवार को 163 संक्रमित मिले। इनमें से सहरसा में 21, बेगुसराय में 17, दरभंगा में 13, पटना, कटिहार और सीतामढ़ी में 11-11 मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। वहीं, वैशाली और औरंगाबाद में 9-9 संक्रमित बढ़े हैं। राज्य में अब तक 733 लोग ठीक हो चुके हैं और 13 की जान गई है।