देश में 59 हजार 830 कोरोना संक्रमित-खाड़ी देशों से केरल लौटे 2 भारतीय पॉजिटिव मिले; दिल्ली में आईटीबीपी के अब तक 100 जवान संक्रमित; देश में 59 हजार 830 केस


जबलपुर में कुछ मजदूर अपनी गृहस्थी का सामान उठाए हुए जा रहे हैं। लॉकडाउन के बीच ये यहां महाराष्ट्र से आई श्रमिक स्पेशल ट्रेन से लौटे। 
नई दिल्ली. देश में 59 हजार 830 कोरोना संक्रमित हैं। केरल के मुख्यमंत्री पिनरई विजयन ने शनिवार को बताया कि 7 मई को खाड़ी देशों से लौटे दो भारतीयों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनमें से एक दुबई से कोझिकोड और दूसरा अबू धाबी से कोच्चि आया था। राज्य में कोरोना मरीजों की संख्या 505 हो गई है। फिलहाल, 17 मरीजों का इलाज चल रहा है। दूसरी ओर, आईटीबीपी के 6 जवानों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। दिल्ली में आईटीबीपी के अब तक 100 जवान कोरोना की चपेट में आ चुके हैं।


आज राजस्थान में 76, कर्नाटक में 36, ओडिशा में 17, हरियाणा में 6, उत्तराखंड में 4 और बिहार में 1 संक्रमित मिला। ये आंकड़े covid19india.org और राज्य सरकारों से मिली जानकारी के आधार पर हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में कुल 59 हजार 662 संक्रमित हैं। 39 हजार 834 का इलाज चल रहा है। 17 हजार 846 ठीक हो चुके हैं, जबकि 1982 मरीजों की मौत हो चुकी है।


सीआईएसएफ के 13 जवान संक्रमित मिले
बीते 24 घंटे में सीआईएसएफ के 13 जवान और संक्रमित मिले हैं। इन्हें मिलाकर अब तक इस सुरक्षाबल के 48 जवानों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आ चुकी है। इनके अलावा बीएसएफ में करीब 200 जवान संक्रमित हैं। सीआरपीएफ के कुछ जवान भी इस बीमारी की चपेट में हैं। सभी पैरामिलिट्री फोर्स में 500 से ज्यादा पॉजिटिव केस आ चुके हैं, इनमें 95% सिर्फ दिल्ली में हैं।


भारत में स्थिति अमेरिका-ब्रिटेन जितनी खराब नहीं: सरकार


केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने कहा है कि भारत में कोरोना संक्रमण की स्थिति अमेरिका-ब्रिटेन जैसे विकसित देशों की तरह बेहद खराब होने की आशंका नहीं है, लेकिन हालात बिगड़े भी तो उससे निपटने की पूरी तैयारी है। उन्होंने कहा कि हमारे यहां कोरोना से मृत्यु की दर लगातार 3.3% बनी हुई है। रिकवरी रेट बढ़कर 29.9 दिन हो गया है। यह बहुत अच्छे संकेत हैं। संक्रमण के मामले दोगुना होने की रफ्तार 11 दिन बनी हुई है।
5 राज्य और 1 केंद्र शासित प्रदेश का हाल


    मध्यप्रदेश, संक्रमित- 3341: लॉकडाउन में गुजरात और महाराष्ट्र में फंसे मध्यप्रदेश के मजदूरों को घर पहुंचाने के लिए सरकार ने तैयारी कर ली है। मई में 27 श्रमिक स्पेशल ट्रेन चलेंगी, जो 32 हजार 400 मजदूरों को लेकर आएंगी। 15 ट्रेन चलना तय हो चुका है। बाकी 12 भी 4- 5 दिन में फाइनल हो जाएंगी। 


उत्तरप्रदेश, संक्रमित- 3214: बीते 24 घंटे में प्रदेश में कोरोना के 155 नए मामले सामने आए, 66 मौतें हुई। इनमें से 1761 मरीजों का इलाज चल रहा है। उधर, वाराणसी में क्लस्टर जोन बनाकर बाहर से आए लोगों की पहचान कर थर्मल स्क्रीनिंग की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग की 92 टीम 23 क्लस्टर जोन में 2595 घरों का सर्वे करेंगी।


    महाराष्ट्र, संक्रमित- 19063: मुंबई में संक्रमण से सबसे ज्यादा प्रभावित वर्ली और डिलाइरोड बीडीडी चॉल को 8 दिन पूरी तरह बंद करने की तैयारी है। इस संबंध में बीएमसी प्रशासन ने मुंबई पुलिस को पत्र लिखा है। प्रयोग कामयाब होने पर मुंबई के अन्य भागों में भी इसे लागू किया जाएगा। इसमें धारावी, मानखुर्द, वडाला जैसे इलाके शामिल हैं। राज्य में शुक्रवार को 1089 कोरोना संक्रमित बढ़े और 37 लोगों की मौत हुई। 
    राजस्थान, संक्रमित- 3655: यहां शनिवार को संक्रमण के 76 नए मामले सामने आए। इनमें उदयपुर में 23, जयपुर में 20, अजमेर में 13, जोधपुर में 6, पाली में 4, जालोर में 3, चूरू और राजसमंद में 2-2, जबकि कोटा, बाड़मेर और दौसा में 1-1 मरीज मिला। 
    दिल्ली, संक्रमित- 6318: यहां फोर्टिस अस्पताल, शालीमार बाग, सरोज मेडिकल इंस्टीट्यूट, और खुशी हॉस्पिटल को सरकार ने कोविड19 हॉस्पिटल घोषित किया है। निजी अस्पतालों में आइसोलेशन बेड की कमी को देखते हुए यह फैसला किया गया है। राजधानी में कुल संक्रमितों में से 4230 का इलाज चल रहा है। 68 की मौत हुई है, जबकि 2020 ठीक हो चुके हैं।


बिहार, संक्रमित- 579: दूसरे राज्यों में फंसे मजदूरों के आने का सिलसिला जारी है। अत तक राज्य में 70 ट्रेनों से 83 हजार प्रवासी लौट चुके हैं। 15 ट्रेनों से 18 हजार 115 प्रवासी शनिवार को लौट रहे हैं। इन मजदूरों में संक्रमित भी मिल रहे हैं। शुक्रवार को 29 मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इनमें से 19 तीन दिन पहले दूसरे राज्यों से ट्रेन से आए मजदूर हैं।