देश में अब तक 37 हजार 472 कोरोना केस: दिल्ली के कापसहेड़ा इलाके की बिल्डिंग में 41 संक्रमित मिले, 14 दिन पहले इसी इमारत में एक मरीज मिला था


यह तस्वीर जयपुर के अजमेरी गेट की है। यहां जागरूकता के लिए सूनी सड़क पर कोरोनावायरस की बड़ी सी तस्वीर बनाई गई है।


नई दिल्ली. दिल्ली में कापसहेड़ा इलाके की ठेके वाली गली में एक बिल्डिंग के 41 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले। 18 अप्रैल को इस इमारत में पहला संक्रमित मिला था। इसके बाद बिल्डिंग सील करके यहां रहने वाले 176 लोगों के सैम्पल लिए गए। 11 दिन बाद इनमें से 67 लोगों की रिपोर्ट आई है, जिनमें 41 पॉजिटिव हैं। हरियाणा से सटा कापसहेड़ा घनी बसाहट वाला इलाका है। 


देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 37 हजार 472 हो गई है। शनिवार को आंध्रप्रदेश में 62, राजस्थान में 54, हरियाणा और उत्तरप्रदेश में 12-12, कर्नाटक और बिहार में 9-9, ओडिशा और त्रिपुरा में 2-2, जबकि उत्तराखंड में 1 मरीज की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। ये आंकड़े covid19india.org और राज्य सरकारों से मिली जानकारी के अनुसार हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, कुल संक्रमित 37 हजार 336 हैं। 26 हजार 167 का इलाज चल रहा है। 9950 ठीक हो चुके हैं और 1218 की मौत हो चुकी है।
5 राज्य और 1 केंद्र शासित प्रदेश का हाल


- मध्यप्रदेश, संक्रमित- 2761: नासिक रोड स्टेशन से 6 डिब्बों की ट्रेन 345 मजदूरों को लेकर शनिवार सुबह भोपाल आई। दूसरे राज्यों में फंसे मध्यप्रदेश के करीब 40 हजार मजदूरों को राज्य सरकार बसों से लाई है। अब 6 राज्यों में फंसे एक लाख छह हजार मजदूरों को वह ट्रेन के जरिए वापस लाएगी।


-उत्तरप्रदेश, संक्रमित- 2340: उत्तरप्रदेश के बस्ती जिले में शनिवार को 7 मजदूर कोरोना पॉजिटिव मिले। ये उन लोगों में शामिल थे, जिन्हें सरकारी बसों में महाराष्ट्र से लाया गया है।राज्य में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 2340 तक पहुंच गई। अभी तक 655 मरीज ठीक होकर घर जा चुके हैं। प्रदेश में 42 लोगों की मौत हो चुकी है।


-महाराष्ट्र, संक्रमित- 11506: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के निजी आवास मातोश्री के बाहर तैनात तीन पुलिस के जवानों को कोरोना हो गया। इन्हें आइसोलेट कर दिया गया है। इसके बाद पूरे इलाके को सैनिटाइज किया जाएगा। बताया जा रहा है कि उनके साथ ड्यूटी में तैनात 130 जवानों को भी क्वारैंटाइन किया गया है।
-राजस्थान, संक्रमित- 2720: यहां शनिवार को कोरोना के 54 नए मरीज मिले। इनमें से जोधपुर में 30, जयपुर में 17, अजमेर में 3, अलवर में 2, जबकि चित्तौड़गढ़ और कोटा में 1-1 व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। राज्य में शनिवार को 4 संक्रमितों की मौत भी हुई। इनमें 3 ने राजस्थान में और 1 ने जोधपुर में दम तोड़ा। जयपुर में जान गंवाने वाले मरीजों में एक 18 दिन का बच्चा भी है। यह राज्य में इस बीमारी से मरने वाला सबसे कम उम्र का मरीज है।
-बिहार, संक्रमित- 466: जयपुर से शुक्रवार रात 10 बजे 1200 प्रवासियों को लेकर चली स्पेशल ट्रेन शनिवार दोपहर पटना के दानापुर स्टेशन पहुंची। कोटा से भी छात्रों को लाने के लिए स्पेशल ट्रेन चलेगी, लेकिन अभी इसकी तारीख तय नहीं है। कोटा में बिहार के 8 हजार से ज्यादा छात्र हैं। प्रवासियों को 21 दिन क्वारैंटाइन रहना होगा। इसके लिए ब्लॉक स्तर पर सेंटर बनाए गए हैं।
-दिल्ली, संक्रमित- 3738: दिल्ली में कोरोना संक्रमण से प्रभावित चार रेड जोन को लिस्ट से हटा दिया गया है। अब यहां 97 रेड जोन हैं। यहां केंद्रीय सुरक्षा बल (सीआरपीएफ) के 68 और जवानों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। ये सभी पूर्वी दिल्ली स्थित सीआरपीएफ बटालियन के एक ही कैम्प से हैं। अब तक इस कैम्प में 122 जवान संक्रमित मिले हैं। इन्हें मिलाकर इस सुरक्षाबल के 127 जवानों की रिपोर्ट पॉजिटिव आ चुकी है। इनमें से एक ठीक हुआ है, जबकि एक की मौत हो गई है।