देश में कोरोना पीड़ितों की संख्या 106750 अब तक 3303 लोगों की मौत-अगर हल्की हवा चल रही है तो 6 फुट की दूरी भी नहीं रोक सकती कोरोना संक्रमण, जानें इस नए अध्ययन के बारे में


अगर हल्की हवा चल रही है तो 6 फुट की दूरी भी नहीं रोक सकती कोरोना संक्रमण, जानें इस नए अध्ययन के बारे में
नई दिल्ली कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए दुनियाभर में सामाजिक दूरी बनाए रखने पर जोर दिया जा रहा है लेकिन एक अध्ययन के अनुसार छह फुट की सामाजिक दूरी बनाने के मौजूदा दिशा निर्देश अपर्याप्त साबित हो सकते हैं। 


एक अध्ययन में कहा गया है कि धीमी गति से चलने वाली हवा में हल्की खांसी से मुंह की लार के छीटें 18 फुट की दूरी तक फैल सकते हैं।


साइप्रस में निकोसिया विश्वविद्यालय के अनुसंधानकर्ताओं ने कहा कि प्रति घंटे चार किलोमीटर की रफ्तार से चलने वाली मद्धिम हवा के साथ खांसने पर मुंह की लार के छीटें पांच सेकंड में 18 फुट की दूरी तक फैल सकते हैं।


अध्ययन के सह-लेखक दिमित्री द्रिकाकिस ने कहा कि ये सुक्ष्म बूंदें अलग-अलग कद काठी के वयस्कों और बच्चों को प्रभावित करेगी। वैज्ञानिकों के अनुसार अगर छोटी कद काठी के वयस्क और बच्चे लार की सुक्ष्म बूंदें गिरने के दायरे के भीतर आते हैं तो उन्हें अधिक खतरा है।


देश में कोरोना पीड़ितों की संख्या 106750 अब तक 3303 लोगों की मौत


केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा बुधवार को जारी किए गए आकड़ों के मुताबिक  देश भर में कोरोना पीड़ित लोगों का आंकड़ा 106750 हो गया है। इनमें से 61149 लोग अभी भी कोरोना पॉजिटिव हैं, जबकि 42297 लोग इस बीमारी से छुटकारा पा चुके हैं। वहीं अब तक 3303 लोगों की इस बीमारी से मौत हो चुकी है। 


केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को बताया है कि अंडमान निकोबार, अरुणाचल प्रदेश, लद्दाख और मिजोरम पूरी तरह कोरोना से मुक्त राज्य बन गए हैं। उधर बुधवार सुबह तक आंध्र प्रदेश में कोरोना पीड़ितों की संख्या 2532 हो गयी है। इसमें से 1621 को अस्पताल से छुट्टी दी गयी है, जबकि यहां 52 लोगों की मौत हुई है। असम में कोरोना पीड़ितों का आंकड़ा 142 पहुंच गया है। यहां 41 लोग कोरोना से मुक्त हो गये हैं,  जबकि 4 लोगों की मौत हुई है। 


इस बीच बिहार में कोरोना मरीजों की संख्या 1498 हो चुकी है और जबकि 534 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। यहां 9 लोगों की मौत हुई है। चंडीगढ़ में कोरोना मरीजों की संख्या 200 पहुंच गयी है, यहां 57 लोग स्वस्थ हो चुके हैं और 3 की मौत हो चुकी है। 


छत्तीसगढ़ में कोरोना मरीजों की संख्या 101 है और 59 स्वस्थ हो चुके हैं। इस बीच दादर नगर हवेली में अब तक सिर्फ 1 मामला सामने आया है। इधर दिल्ली में कोरोना मरीजों की संख्या 10554 हो गई है, जबकि 4750 लोगों को अस्पताल से डिस्चार्ज किया जा चुका है। दिल्ली में अब तक 168 लोगों की मौत हो चुकी है। 


गोवा में 46 लोग बुधवार सुबह तक कोरोना वायरस से संक्रमित बताये गये हैं। इनमें  से 7  लोगों को अस्पताल से छुट्टी दी जा चुकी है। गुजरात में यह आंकड़ा 12140 हो गया है, जबकि यहां 5043 लोग स्वस्थ भी हो चुके हैं। जबकि यहां 719 लोगों की यहां मौत हो गयी है।


हरियाणा में कोरोना संक्रमितों की संख्या 964 पहुंच चुकी है। इनमें से 627 को इलाज के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है। यहां 14 लोगों की मौत हुई है। उधर हिमाचल में यह संख्या 92 है, 27 को अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया और तीन की मौत हुई है। जम्मू कश्मीर में पीड़ित लोगों की संख्या बुधवार तक 1317 हो गई थी, जिनमें से 653 को अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया है। यहां अब तक 19 लोगों की मौत हुई है। झारखंड में कोरोना पीड़ित लोगों की संख्या 231 पहुंच चुकी है, इनमें से 127 को डिस्चार्ज किया जा चुकाा है। यहां तीन की मौत हुई है। 


कनार्टक में 1,397 मामले सामने आए हैं। 544 को डिस्चार्ज किया गया है और 4० की मौत हुई है। केरल में 642 मामले सामने आए आए हैं, जिनमें से 497 को डिस्चार्ज किया गया। जबकि चार की मौत हुई है। 


मध्यप्रदेश में आंकड़ा 5465 पर पहुंच चुका है, इनमें से 2630 को डिस्चार्ज किया गया। जबकि 258 की मौत हो चुकी है। उधर महाराष्ट्र में यह आंकड़ा 37,136 पहुंच चुका है, इनमें से  9,639 लोगों को अब तक अस्पताल से डिस्चार्ज किया जा चुका है और देश में अब तक सबसे ज्यादा 1,325 लोगों की मौतें इसी राज्य में हुई हैं। मणिपुर में सिर्फ 9 मामले सामने आए हैं, जिनमें से दो को डिस्चार्ज कर दिया गया है। मेघालय में 13 मामले सामने आये, इनमें से 12 लोगों को अस्पताल से छुट्टी दी जा चुकी है। यहां एक रोगी की मौत हुई है। उड़ीसा में आंकड़ा 978 पहुंच गया है, 277 को डिस्चार्ज किया गया है। यहां पांच लोगों की मौत हुई है।