देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 1 लाख 13 हजार 400 हुई-रिकवरी रेट बढ़कर 40.32% हुआ, अब तक 26 लाख 16 हजार सैम्पल की जांच हुई


यह तस्वीर दिल्ली के विनोद नगर की है। प्रवासी मजदूर और अन्य लोग अपने गृह राज्य जाने के लिए बस स्टैंड जाते हुए।  
नई दिल्ली. देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 1 लाख 13 हजार 400 हो गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि गुरुवार दोपहर तक 45 हजार 299 यानी 40.32% मरीज ठीक हो चुके हैं। मंत्रालय ने अपने बयान में कहा कि लॉकडाउन के समय का सुविधाओं को जुटाने में भरपूर उपयोग किया गया। 21 मई तक देश में 26 लाख 15 हजार 920 सैम्पल की जांच की जा चुकी है। इनमें से 1 लाख 3 हजार 32 जांच बीते 24 घंटे में ही हुई हैं। 


गुरुवार को दिल्ली में 571, राजस्थान में 139, बिहार में 119, कर्नाटक में 116, ओडिशा में 51 और असम में 1 मरीज मिला। इनके अलावा 307 ऐसे मरीज हैं, जिनके राज्यों की जानकारी नहीं मिल सकी है। ये आंकड़े covid19india.org और राज्य सरकारों से मिली जानकारी के आधार पर हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक देश में गुरुवार सुबह 8 बजे तक कोरोना के 1 लाख 12 हजार 359 मरीज हैं। इसमें से 63 हजार 624 का इलाज चल रहा है, 45 हजार 299 ठीक हुए हैं और 3435 की मौत हुई है।


    मध्यप्रदेश, संक्रमित- 5735 : प्रदेश में जुलाई तक संक्रमितों की संख्या 80 हजार से एक लाख तक पहुंचने का अनुमान है। यहां 52 में से 49 जिलों में संक्रमण फैल चुका है। बालाघाट, डिंडोरी, पन्ना, दमोह, गुना, मंडला, सिवनी, उमरिया, राजगढ़, सिंगरौली, टीकमगढ़ और छतरपुर जिलों में संक्रमण के जो मामले सामने आ रहे हैं। उनमें से ज्यादातर बाहर से आए प्रवासी हैं। 
    महाराष्ट्र, संक्रमित- 39297: संक्रमण को रोकने के लिए राज्य सरकार अब क्वारैंटाइन पर जोर दे रही है। 10 मई को राज्यभर में होम क्वारैंटाइन में 2 लाख 44 हजार 327 और इंस्टिट्यूशनल क्वारैंटाइन 14 हजार 465 लोग थे। 19 मई को होम क्वारैंटाइन में रहने वालों की संख्या 58% बढ़कर 3 लाख 86 हजार 192 और इंस्टिट्यूशनल क्वारैंटाइन में रहने वालों की संख्या 46% बढ़कर 21 हजार 150 हो गई। 


उत्तरप्रदेश, संक्रमित- 5175: बीते 24 घंटे में यहां 294 संक्रमित मिले। इनमें से सबसे ज्यादा 95 केस बाराबंकी में सामने आए। यूपी 5000 से ज्यादा मरीजों वाला देश का सातवां राज्य बन गया है। यूपी से ज्यादा केस महाराष्ट्र, तमिलनाडु, गुजरात, दिल्ली , राजस्थान और मध्यप्रदेश में हैं।


    राजस्थान, संक्रमित- 6154: यहां गुरुवार को 139 संक्रमित मिले। इनमें से डूंगरपुर में 33, जालौर में 22, उदयपुर में 13, जयपुर में 10, नागौर में 8, सिरोही और राजसमंद में 7-7 मरीज मिले। वहीं, बीकानेर में 6, सीकर और अलवर में 4-4, जोधपुर में 3, जैसलमेर, कोटा, भीलवाड़ा, अजमेर, झुंझुनू और बाड़मेर में 2-2, जबकि झालावाड में 1 मरीज की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इनके अलावा एक संक्रमित यूपी का है। भरतपुर, जयपुर और सीकर में 1-1 संक्रमित की मौत भी हुई।
    दिल्ली, संक्रमित- 11659: यहां गुरुवार को 571 मरीजों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई, जबकि 375 ठीक हुए हैं। यहां कुल संक्रमितों में से 5898 का इलाज चल रहा है, जबकि 5667 मरीज ठीक हो चुके हैं।  


बिहार, संक्रमित- 1782: यहां गुरुवार को 119 नए मरीज मिले, 9 मरीजों की मौत हुई, जबकि 571 लोग स्वस्थ हुए। प्रवासियों के पहुंचने के साथ-साथ राज्य में संक्रमितों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। 10 दिन में 1040 नए मरीज मिले हैं।