देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 1 लाख 39 हजार 923-हिमाचल के 2 जिलों में लॉकडाउन 30 जून तक बढ़ा; केजरीवाल बोले- संक्रमित बढ़े, लेकिन उतने ठीक भी हो रहे; इसमें चिंता नहीं, पर मौतें न हों


यह तस्वीर भोपाल के हबीबगंज स्टेशन की है। आरएसएस कार्यकर्ता मदरसा छात्रों को खाने के पैकेट बांट रहे हैं। लॉकडाउन में फंसे बिहार के ये छात्र स्पेशल ट्रेन से अपने गृह राज्य रवाना हुए। 


नई दिल्ली. देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 1 लाख 39 हजार 923 हो चुकी है। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर और सोलन जिले में संक्रमण बढ़ने की आशंका के मद्देनजर लॉकडाउन और नाइट कर्फ्यू 30 जून तक बढ़ाया गया है। यहां पिछले एक महीने में 10 हजार से ज्यादा प्रवासी लौटे हैं। प्रदेश के कुल 214 संक्रमितों में सबसे ज्यादा 84 इन्हीं दो जिलों में मिले हैं। वहीं, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा, ‘‘लॉकडाउन में रियायत से कोरोना के मामले बढ़े हैं, लेकिन चिंता की बात नहीं। कोरोना होता रहे और लोग ठीक हो जाएं तो दिक्कत नहीं। बस मौत नहीं होनी चाहिए।’'


केजरीवाल ने आगे कहा कि रविवार तक दिल्ली में 13 हजार 418 केस सामने आए। इनमें से 6 हजार 540 लोग ठीक हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि यहां सरकारी हॉस्पिटल में 3829 बेड हैं। इनमें से 3164 में ऑक्सीजन की सुविधा है। इनमें से अभी 1500 बेड भरे हैं। इनके अलावा प्राइवेट हॉस्पिटल में 677 बेड हैं। इनमें से 509 पर मरीज हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली के 117 अस्पताल में 20% बेड कोरोना के लिए होंगे। इससे 2000 बेड बढ़ जाएंगे।
सोमवार को दिल्ली में 635, राजस्थान में 145, आंध्रप्रदेश में 44, ओडिशा में 102, बिहार में 69, असम में 74, पुडुचेरी में 8, हिमाचल में 6, जबकि मणिपुर में 2-2 मरीज मिले। 304 मरीज और बढ़े, लेकिन ये किन राज्यों से यह जानकारी नहीं मिल सकी है। ये आंकड़े covid19india.org और राज्य सरकारों से मिली जानकारी के आधार पर हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में 1 लाख 38 हजार 845 संक्रमित हैं। इसमें से 77 हजार 103 का इलाज चल रहा है, 57 हजार 720 ठीक हुए हैं और 4021 की मौत हो चुकी है।
पांच राज्यों का हाल


    मध्यप्रदेश, संक्रमित- 6665: यहां बीते 24 घंटे में 294 नए मामले सामने आए और 9 लोगों की जान गई। बुरहानपुर में 58, भोपाल में 50, इंदौर में 75, उज्जैन में 22, नीमच में 30 और जबलपुर में 10 मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इंदौर मरीजों की संख्या के लिहाज से देश में सातवें नंबर पर पहुंच गया है। यहां कुल 3008 संक्रमित हैं।


महाराष्ट्र, संक्रमित- 50231: मुंबई में अब कोरोना संक्रमितों के फेफड़ों का एक्स-रे किया जाएगा। चीन में भी यह तकनीक अपनाई गई थी। बिना लक्षणों वाले मरीजों के लंग्स के एक्स-रे के आधार पर यह पता चल सकेगा कि मरीज कितना गंभीर हो सकता है। ऐसे में उन्हें पहले से ही अस्पताल में भेज दिया जाएगा। माना जा रहा है कि इससे मौत की आशंका कम की जा सकती है।
उत्तरप्रदेश, संक्रमित- 6268: राज्य में बीते 24 घंटे में 254 पॉजिटिव केस सामने आए। राज्य में इस बीमारी से 161 लोगों की मौत हुई है। 3538 मरीज ठीक हो चुके हैं। यानी अब तक 56.6% मरीज ठीक हो चुके हैं। 2569 का इलाज चल रहा है। अब तक 1569 प्रवासी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं जो कि कुल मरीजों का 25.3% हैं।


    राजस्थान, संक्रमित- 7173: यहां सोमवार को संक्रमण के 145 मामले सामने आए। इनमें से पाली में 50, सीकर में 30, जोधपुर में 17, जयपुर में 12, सिरोही में 9, कोटा में 7, बाड़मेर और अलवर में 5-5, जालौर में 4, राजसमंद में 2, जबकि भीलवाड़ा, डूंगरपुर, उदयपुर, धौलपुर और सवाई माधोपुर में 1-1 मरीज मिला। राज्य में 3856 संक्रमित ठीक हो चुके हैं और 163 की मौत हुई है।
    बिहार, संक्रमित- 2643: यहां सोमवार को 69 संक्रमित मिले। इनमें से दरभंगा में 13, सहरसा में 11, कटिहार और बेगूसराय में 9-9 मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। वहीं, अररिया में 6, मधुबनी, खगड़िया और गोपालगंज में 3-3, मुगेर, औरंगाबाद और सारण में 2-2, जबकि रोहतास, समस्तीपुर, शेखपुरा, मधेपुरा, भोजपुर और लखीसराय में 1-1 मरीज मिला।