देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 1 लाख 32 हजार 671-देश में संक्रमण में टॉप-10 राज्य: बिहार में सबसे कम टेस्टिंग, हर 10 लाख आबादी पर सिर्फ 512 जांच, दिल्ली में सबसे ज्यादा 8330


बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के वेटिंग रूम में हर दो सीट के बीच वाली सीट पर क्रॉस लगा दिया गया है, ताकि लोग उस पर न बैठें और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन होता रहे। 


नई दिल्ली. देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 1 लाख 32 हजार 671 हो चुकी है। सबसे ज्यादा केस महाराष्ट्र में सामने आए हैं। यहां 47 हजार से ज्यादा संक्रमित हैं। इसके बाद तमिलनाडु, गुजरात, दिल्ली, राजस्थान, मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, पश्चिम बंगाल, आंध्रप्रदेश और बिहार का नंबर है। हालांकि, इनमें सबसे ज्यादा टेस्टिंग दिल्ली में और सबसे कम बिहार में हो रही है। दिल्ली में हर 10 लाख आबादी पर 8330 और बिहार में सिर्फ 512 लोगों की कोरोना जांच हुई है। रविवार सुबह 9 बजे तक देश में 29 लाख 43 हजार 421 सैम्पल की जांच की जा चुकी है। 19 मई से देश में हर दिन एक लाख से अधिक सैम्पल की टेस्टिंग हो रही है।
आज दिल्ली में 508, बिहार में 83, ओडिशा में 67, आंध्रप्रदेश में 66, राजस्थान में 52, चंडीगढ़ 13, गोवा में 11, असम में 4, जबकि लद्दाख और मणिपुर में 3-3 मरीजों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। बीते 24 घंटे में 439 संक्रमित और बढ़े हैं, लेकिन ये किन राज्यों से हैं इसकी जानकारी नहीं मिल सकी है।


ये आंकड़े covid19india.org और राज्य सरकारों से मिली जानकारी के आधार पर हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में 1 लाख 31 हजार 868 संक्रमित हैं। इसमें से 73 हजार 560 का इलाज चल रहा है, 54 हजार 440 ठीक हुए हैं और 3867 की मौत हुई है।
5 राज्य और 1 केंद्र शासित प्रदेश का हाल


    मध्यप्रदेश, संक्रमित- 6371: बीते 24 घंटे में भोपाल में 51, इंदौर में 75, उज्जैन में 25 और नीमच में 30 मरीजों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इंदौर मरीजों की संख्या के लिहाज से देश में सातवें नंबर पर पहुंच गया है। यहां कुल 2933 संक्रमित हैं।
    महाराष्ट्र, संक्रमित- 47190: यहां पिछले 24 घंटे में 87 पुलिसकर्मियों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वहीं, राज्य में रविवार सुबह तक 2608 नए मामले सामने आए और 60 संक्रमितों की मौत हुई है। यहां अब तक इस बीमारी से 1577 लोग जान गंवा चुके हैं। राज्य में 4 लाख 85 हजार 623 लोगों को घरों में और 33 हजार 545 लोगों को अन्य स्थानों पर क्वारैंटाइन किया गया है।


उत्तरप्रदेश, संक्रमित- 6017: यहां पिछले 5 दिन में 1000 से ज्यादा मरीज बढ़े हैं। अचानक यह बढ़ोतरी प्रवासी मजदूरों की वजह से हुई है। शनिवार तक राज्य में 1423 प्रवासी संक्रमित पाए गए। बीते 24 घंटे में राज्य में 288 नए केस सामने आए। फिरोजाबाद, अलीगढ़ और बुलंदशहर में 1-1 मौत हुई। इसके साथ ही राज्य में इस बीमारी से मरने वालों का आंकड़ा 155 हो गया। 


    राजस्थान, संक्रमित- 6794: यहां रविवार को 52 संक्रमित बढ़े। इनमें जयपुर और अजमेर में 18-18, नागौर और डूंगरपुर में 4-4, बीकानेर और बाड़मेर में 2-2, झुंझुनूं, कोटा, दौसा और जोधपुर में 1-1 पॉजिटिव मिला। चित्तौड़गढ़ में एक संक्रमित की मौत भी हुई। इसके साथ ही राज्य में इस बीमारी से मरने वालों का आंकड़ा 161 हो गया।
    दिल्ली, संक्रमित- 13418: यहां रविवार को 508 मरीजों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। यहां 6617 मरीजों का इलाज चल रहा है और 6540 मरीज ठीक हो चुके हैं। यहां बीते 5 दिन से रोजाना 500 से 600 संक्रमित बढ़ रहे हैं। 



    बिहार, संक्रमित- 2477: यहां रविवार को 83 कोरोना संदिग्धों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इनमें से कटिहार में 35, रोहतास में 11, बेगूसराय में 9, मुंगेर में 6, मधुबनी, गोपालगंज और कैमूर में 3-3, खगड़िया, नालंदा, भागलपुर, बांका और औरंगाबाद में 2-2, जबकि जेहानाबाद, नवादा और अरवल में 1-1 मरीज मिला।