देश में प्रचंड गर्मी, जानिए क्या होता है लू और रेड अलर्ट


नई दिल्ली
पूरे देश में गर्मी ने सितम ढाना शुरू कर दिया है। अगले कुछ दिनों तक देश में बढ़ते पारा तकलीफ बढ़ाने वाला होगा। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने देश के कई हिस्सों के लिए रेड अलर्ट की चेतावनी जारी कर दी है। अधिक गर्म और शुष्क हवाओं को लू कहा जाता है। इस दौरान हवा की गर्मी के कारण तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है और इसे ही लू या हीट स्ट्रोक कहते हैं।
कब पैदा होती है लू
लू की स्थिति उस वक्त पैदा होती है जब अधिकतम तापमान 40 डिग्री तक पहुंच जाता है। यह सामान्य तापमान से 4.5 से 6.4 डिग्री सेल्सियस अधिक होता है। मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री तक पहुंच जाता है तो लू के हालात पैदा हो जाते हैं।


क्या होता है रेड अलर्ट
जब गर्मी अपने प्रचंड पर पहुंच जाती है और इसके कारण जानमाल के नुकसान की आशंका रहती है तो मौसम विभाग रेड अलर्ट जारी करता है। रेड अलर्ट चेतावनी का सबसे उच्चतम स्तर होता है। बता दें कि देश में लू के कारण हर साल सैकड़ों लोगों की जान जाती है। अगर इस दौरान तापमान 47 डिग्री तक पहुंच जाए तो स्थिति खतरनाक हो जाती है। मौसम विभाग ने इस समय देश के कई हिस्सों के लिए रेड अलर्ट की चेतावनी जारी की है। इस दौरान लोगों को उनके घरों से कम निकलने की सलाह दी जाती है।


इन राज्यों में पड़ेगी प्रचंड गर्मी
IMD ने दिल्‍ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और राजस्‍थान के लिए 'रेड अलर्ट' जारी दी है। यह वार्निंग अगले दो दिन के लिए जारी की गई है। इसके अलावा, पूर्वी उत्‍तर प्रदेश के लिए 'ऑरेंज' वार्निंग दी गई है। IMD बुलेटिन के अनुसार, अगले पांच दिन तक, उत्‍तर प्रदेश, मध्‍य प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्‍ली, राजस्‍थान, विदर्भ और तेलंगाना में भयंकर लू चलेगी। छत्‍तीसगढ़, गुजरात, ओडिशा, सेंट्रल महाराष्‍ट्र, तटीय आंध्र प्रदेश, उत्‍तरी कर्नाटक में भी अगले 3-4 दिन लू का प्रकोप देखने को मिलेगा।