इंदौर में डॉक्टर ने नशे का इंजेक्शन देकर युवती से किया रेप, गिरफ्तार


इंदौर।
कोरोना के कहर से बेहाल इंदौर में एक शर्मसार करने वाली घटना घटी है। लॉकडाउन के दौरान एक डॉक्टर ने मरीज के साथ दरिंदगी की है। इंदौर में निजी क्लिनिक चलाने वाले डॉक्टर नागेंद्र पर एक युवती ने आरोप लगाया है कि उन्होंने नशे का इंजेक्शन देकर रेप किया है। मामले की शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आई और डॉक्टर को गिरफ्तार कर लिया है।


घटना इंदौर शहर के मानवता नगर इलाके की है, जहां डॉक्टर ने युवती को नशे का इंजेक्शन देकर रेप किया है। मीडिया से बात करते हुए कनड़िया टीआई आरडी कानवा ने कहा कि पीड़िता की 2 दिन पूर्व तबीयत खराब हुई थी। वह मानवता नगर में डॉ नागेंद्र के क्लिनिक पर इलाज कराने गई थी। डॉक्टर ने परीक्षण के बाद उसे इंजेक्शन दिया।


बेहोश गई युवती
पुलिस के अनुसार इंजेक्शन देने के बाद लड़की बेहोश हो गई। जब होश में आई तो उसे डॉक्टर के करतूत के बारे में पता चला। उसके बाद घर पहुंचकर उसने परिजनों को घटना के बारे में जानकारी दी। मंगलवार को युवती ने परिजनों के साथ आकर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। उसके बाद पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर आरोपी डॉ नागेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है।


क्लिनिक खुला कैसे
वहीं, इंदौर में कोरोना की वजह से सख्त लॉकडाउन लागू है। निजी क्लिनिक खोलने पर भी पाबंदी है। ऐसे में सवाल है कि आखिर डॉ नागेंद्र क्लिनिक खोल लोगों का इलाज कैसे कर रहे थे। क्योंकि पूर्व में इंदौर में कोरोना से 2 डॉक्टरों की जो मौत हुई है, दोनों निजी क्लिनिक ही चलाते थे। क्लिनिक में ही इलाज के लिए आए लोगों से दोनों संक्रमित हुए थे। इंदौर पुलिस इन तमाम बिंदुओं पर जांच कर रही है।