इंस्टाग्राम पर रेप चैट में शामिल छात्र बोला- मैं सभी लड़कियों से माफी मांगता हूं


नई दिल्ली
इंस्टाग्राम पर लड़कियों की फोटोज पर अश्लील टिप्पणी और गैंगरेप तक की बातें करने वाले ग्रुप (BoysLockerRoom) पर पुलिस ऐक्शन शुरू हो चुका है। इसी बीच ग्रुप का मेंबर रहे एक लड़के ने माफी मांगी है। यह लड़का भी उस ग्रुप की गंदी बातों में शामिल रहा था लेकिन अब डर की वजह से सभी लड़कियों से माफी मांग रहा है। इससे पहले पुलिस ने एक नाबालिग छात्र को हिरासत में लिया था। पुलिस का कहना है कि 10 की पहचान हो चुकी है जो दिल्ली और नोएडा में रहते हैं।

ग्रुप में ऐक्टिव रहे एक छात्र ने अब ऑडियो मेसेज जारी कर लड़कियों से माफी मांगी है। उसने कहा कि, 'मैं एक ऐसे ग्रुप का हिस्सा रहा जहां हम दोस्त कुछ मजा कर रहे थे। लेकिन अब मुझे उस सब पर शर्म आ रही है और मैं अपने बचाव में कोई बयान नहीं दूंगा। मैं हर एक लड़की से माफी मांगता हूं। मैं सच में शर्मिंदा हूं। मुझे नहीं पता उस वक्त मेरे अंदर क्या चल रहा था लेकिन अब मैं माफी मांगता हूं। मुझे समझ आ गया है कि मुझे वह सब नही करना चाहिए था, लेकिन अब में डर गया हूं।' 
इंस्टाग्राम पर गैंगरेप करने की बात करने वाला शख्स अभी भी पर्दे के पीछे है। क्योंकि पुलिस ने जिस लड़के को पकड़ा है, उसका दावा है कि ग्रुप में लड़कियों की फोटो पर अश्लील बातें तो होती थी, लेकिन गैंगरेप जितनी भी बात नहीं पहुंचती थी। वह इंस्टाग्राम से लड़कियों की फोटो लेता था और फिर उसको ग्रुप में डालकर उनके फिगर, कपड़ों पर अश्लील बातें लिखता था। इसके बाद दूसरे लड़के भी यही करते थे। आरोपी के ग्रुप में उसको मिलाकर 21-22 लोग शामिल हैं और ज्यादातर नाबालिग बताए जा रहे हैं।


मामले ने तूल तब पकड़ा, जब सोशल मीडिया पर #BoysLockerRoom ट्रेंड करने लगा। अलग-अलग लड़कियों ने अपनी आप बीती सुनाई, जिनकी फोटो ग्रुप में अश्लील टिप्पणी के साथ वायरल हुई थी। पुलिस ने बताया कि अभी आरोपी की बात को क्रॉस वेरीफाई नहीं किया जा सका है, क्योंकि उसने अपने फोन से सब कुछ डिलीट कर दिया है। इंस्टाग्राम से इस बारे में जानकारी मांगी गई है और उसी आधार पर जांच आगे बढ़ाई जाएगी।


कैसे पकड़ा गया लड़का
पुलिस की जांच के अलावा लड़के की खराब किस्मत ने भी उसको पकड़वाने में मदद की। पुलिस के पास स्क्रीनशॉट्स आ गए थे, जिसमें इन लड़कों की काली करतूतों का जिक्र था। लेकिन उनमें उनके अजीब से यूजर नेम लिखे थे। उससे आरोपियों तक पहुंचना मुश्किल था, लेकिन इसी बीच लड़के के बारे में उसके स्कूल की भी शिकायत मिली। स्कूल तक ये बात कैसे पहुंची, इसके बारे में खास जानकारी न रखने वाले पुलिस अधिकारी ने बताया कि स्कूल की शिकायत में लड़के के खराब व्यवहार की बात कही गई थी और उसका इंस्टाग्राम वाला यूजर नेम भी लिखा था। जैसे ही दोनों नाम मैच किए, पुलिस ने पुष्प विहार स्थित घर से लड़के को पकड़ लिया।


ग्रुप में शामिल लड़कों से कभी मिला भी नहीं
इंस्टाग्राम पर जिन लड़कों के ग्रुप में आरोपी अलग-अलग लड़कियों पर कमेंट कर रहा था, न ही उन लड़कों से कभी वह मिला और न ही उन लड़कियों से, जिनके बारे में वह गलत बातें कर रहा था। आरोपी लड़के ने बताया कि वह इंस्टाग्राम से लड़कियों के फोटो उठा लेता था और फिर उसको ग्रुप में डालकर उनके फिगर, कपड़ों पर अश्लील बातें लिखता था। यही काम ग्रुप के दूसरे लड़के भी करते थे। उसने बताया कि एक दो लड़कों को छोड़कर वह किसी से नहीं मिला। जिन एक दो लड़कों से वह मिला था, वह उसके ही क्लासमेट हैं। आरोपी लड़का साउथ दिल्ली के एक नामचीन स्कूल में पढ़ता है और उसकी उम्र महज 15 साल बताई जा रही है। पुलिस बाकी लड़कों की तलाश कर रही है और इंस्टाग्राम से उनके बारे में जानकारी मांगी गई है।


इंस्टाग्राम पर #BoysLockerRoom नाम से एक ग्रुप बना था, जिसमे ये लड़के तमाम अश्लील बातें करते थे। लड़कियों की फोटो के साथ हो रही इन बातों में कथित तौर पर ऐसे कंटेंट शेयर हो रहे थे, जो चाइल्ड पोर्नोग्राफी या पोर्नोग्राफी की कैटेगरी में आते हैं।