कोरोना देश में 1 लाख 26 हजार 306 केस: कर्नाटक में घरेलू उड़ानों से पहुंचने वाले 6 राज्यों के यात्री 7 दिन क्वारैंटाइन किए जाएंगे


अजमेर में ये महिलाएं मनरेगा के तहत मजदूरी करने जा रही हैं। सरकार ने लॉकडाउन में मजदूरी और खेती के कामकाज करने की छूट दी है।


नई दिल्ली. कर्नाटक सरकार ने तय किया है कि महाराष्ट्र, राजस्थान, दिल्ली, गुजरात, तमिलनाडु और मध्यप्रदेश से आने वाली घरेलू उड़ानों के यात्रियों को 7 दिन इंस्टीट्यूशनल क्वारैंटाइन किया जाएगा। उधर, जम्मू-कश्मीर में भी दूसरे राज्यों से बस या रेल से आने वाले यात्रियों को 14 दिन इंस्टीट्यूशनल क्वारैंटाइन किया जाएगा। उनका आरटी-पीसीआर के जरिए टेस्ट भी किया जाएगा। अगर रिपोर्ट पॉजिटिव आई तो अस्पताल भेज दिया जाएगा।


देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 1 लाख 26 हजार 306 हो गई है। शनिवार को दिल्ली में 591, कर्नाटक में 195, राजस्थान में 163, बिहारमें  97, ओडिशा में 80, असम में 60 और आंध्रप्रदेश में 47 मरीजों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके अलावा 279 मरीज और बढ़े हैं, लेकिन वे किस राज्य से हैं यह जानकारी नहीं मिल सकी है। ये आंकड़े covid19india.org और राज्य सरकारों से मिली जानकारी के आधार पर हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में 1 लाख 25 हजार 447 संक्रमित हैं। इसमें से 69 हजार 597 का इलाज चल रहा है, 51 हजार 783 ठीक हुए हैं और 3720 की मौत हुई है।
5 राज्य और 1 केंद्र शासित प्रदेश का हाल


    मध्यप्रदेश, संक्रमित- 6170: यहां इंदौर में संक्रमितों की संख्या 2850, भोपाल में 1153 और उज्जैन में 504 हो गई है। राज्य में कोरोना संक्रमण से अब तक 272 की मौत हो चुकी है। 3089 मरीज ठीक हुए हैं। संक्रमण के तेजी से बढ़ते मामलों को देखते हुए अस्पतालों में बेड की संख्या एक लाख तक बढ़ाई जा रही है। सरकार 18 लाख बेडशीट खरीद रही है, जिसे इस्तेमाल कर फेंक दिया जाएगा। 
    महाराष्ट्र, संक्रमित- 44582: यहां कोरोना से मरने वालों का आंकड़ा 1517 हो गया है। वहीं, देश में 3 हजार 583 लोगों ने जान गंवाई है। यानी देश में इस बीमारी से हुई मौतों में से 42.3% अकेले महाराष्ट्र में हुई हैं। शनिवार सुबह तक संक्रमण के 2940 मामले आए। जबकि देश में 6 हजार 88 संक्रमित पाए गए। इस हिसाब से बीते 24 घंटे में देश के कुल 48.2% संक्रमित अकेले महाराष्ट्र से थे। 


    उत्तरप्रदेश, संक्रमित- 5735: यहां शनिवार को जारी रिपोर्ट में 232 नए कोरोनावायरस संक्रमित सामने आए हैं। जौनपुर में 43 नए मरीज मिले। जिले में संक्रमितों की संख्या 91 हो गई है। राज्य में कुल संक्रमितों में 1361 प्रवासी मजदूर हैं। अब तक 3324 मरीज ठीक हो चुके हैं।


    राजस्थान, संक्रमित- 6657: यहां शनिवार को संक्रमण के 163 मामले आए। इनमें जोधपुर में 23, पाली में 19, नागौर में 17, राजसमंद में 14, जालौर, उदयपुर में 13-13, कोटा में 10, बाड़मेर में 6, अजमेर और जयपुर में 5-5, झुंझुनूं, झालावाड़, सिरोही में 4-4, भरतपुर, बीकानेर और टोंक में 3-3, धौलपुर, सीकर में 2-2, जबकि भीलवाड़ा, बांसवाड़ा, चित्तौड़गढ़ में 1-1 मरीज मिला। यहां शनिवार को 3 लोगों की मौत हुई और 15 मरीज ठीक हुए।


    दिल्ली, संक्रमित- 12910: यहां शनिवार को 591 मरीजों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। 370 ठीक हुए और 23 की मौत हो गई। अब तक यहां 6267 मरीज ठीक हो चुके हैं, जबकि 6412 का इलाज चल रहा है। 
    बिहार, संक्रमित- 2263: यहां शनिवार को 97 मरीजों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। पंजाब को पीछे छोड़कर बिहार टॉप-10 कोरोना प्रभावित राज्यों में शामिल हो गया है। पंजाब में 2029 संक्रमित हैं। उधर, पटना सातों दिन बाजार खोलने की तैयारी है। डीएम कुमार रवि ने कहा कि सभी दुकानें शाम 6 बजे तक ही खुलेंगी। आधी दुकानें सोमवार, बुधवार, शुक्रवार और आधी मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को खोली जाएंगी।